Recipe: सुबह-सुबह जब समझ न आए कि नाश्ते में क्या बनाया जाए, तो रोज़ के पोहे और उपमा से हटकर कुछ नया ट्राई करना बनता है। अगर घर में थोड़ी सी सूजी और दही रखी है, तो आप मिनटों में एक बेहद स्वादिष्ट, सॉफ्ट और स्पंजी नाश्ता तैयार कर सकते हैं।
इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसे पहले भाप में पकाया जाता है, जिससे यह पेट पर भारी भी नहीं पड़ता। आप चाहें तो इसे तीखी चटनी के साथ खाएं या फिर तवे पर हल्का सा सेंककर बाहर से कुरकुरा और अंदर से स्पंजी खाएं। कम तेल में बनने वाला यह नाश्ता आपकी सेहत और स्वाद दोनों का पूरा ख्याल रखेगा।
सूजी और दही से ऐसे तैयार करें सॉफ्ट बैटर
एक मिक्सी जार में 1 कप सूजी, आधा कप दही और आधा कप पानी डालकर अच्छी तरह पीस लें ताकि एक गाढ़ा और चिकना घोल तैयार हो जाए। अब इस बैटर को एक बाउल में निकालें । इसके बाद बैटर में 1 छोटा चम्मच जीरा, स्वादानुसार नमक, 1 छोटा चम्मच पिसी हुई चीनी और 1 चम्मच तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अब इसे कुछ देर ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए और बैटर का टेक्सचर बिल्कुल परफेक्ट हो जाए।
ईनो मिलाने का सही तरीका और भाप में पकाने की प्रक्रिया
नाश्ते को एकदम जालीदार और स्पंजी बनाने के लिए बैटर में ईनो का इस्तेमाल किया जाता है। सबसे पहले एक थाली या प्लेट में थोड़ा सा तेल लगाकर उसे अच्छी तरह ग्रीस कर लें। अब बैटर में आधा चम्मच ईनो डालें और उसके ऊपर से आधा चम्मच पानी डालकर हल्के हाथों से मिलाएं। ध्यान रहे कि ईनो मिलाने के बाद बैटर को ज्यादा देर तक नहीं रखना है, बल्कि तुरंत ग्रीस की हुई थाली में फैला देना है।
अब एक गहरी कढ़ाई में करीब दो गिलास पानी डालकर बीच में एक स्टैंड रखें और पानी को उबलने दें। जब अच्छी तरह भाप बनने लगे, तो बैटर वाली थाली को स्टैंड के ऊपर सावधानी से रख दें। कढ़ाई को ढककर मीडियम फ्लेम पर इसे लगभग 15 मिनट तक पकने दें। पकने के बाद थाली को बाहर निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें और फिर चाकू की मदद से काट लें। आप चाहें तो इन्हें भाप में पके हुए रूप में ही चटनी के साथ परोस सकते हैं।
तवे पर हल्का सेंककर बढ़ाएं कुरकुरापन
अगर आपको नाश्ते में थोड़ा क्रिस्पीपन पसंद है, तो इसे तवे पर सेकना एक बेहतरीन विकल्प है। इसमें बहुत ज्यादा तेल की जरूरत नहीं पड़ती। तवे पर सेकने के बाद इनका बाहरी हिस्सा हल्का कुरकुरा और अंदर का हिस्सा बेहद नरम रहता है। इसे आप नारियल की चटनी या अपनी मनपसंद डिप के साथ गरमा-गरम सर्व कर सकते हैं।






