Ramakrishna Hospital : रायपुर : रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान तीन सफाईकर्मियों की मौत पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि सफाई के नाम पर किसी व्यक्ति की जान जाना बेहद गंभीर मामला है और इसे छोटी घटना नहीं माना जा सकता। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाहे अस्पताल प्रबंधन हो या काम कराने वाली एजेंसी, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
Ramakrishna Hospital : दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में बघेल ने अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी। असम में कांग्रेस नेता नव ज्योति तालुकदार के इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं है और भाजपा लगातार कांग्रेस नेताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर भी दबाव और लालच की राजनीति करने का आरोप लगाया।
Ramakrishna Hospital : नक्सल आत्मसमर्पण के मुद्दे पर बघेल ने कहा कि जो लोग मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उन्हें सामान्य जीवन जीने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए और सरकार को उन्हें वैसा ही माहौल देना चाहिए जैसा एक आम नागरिक को मिलता है।
Ramakrishna Hospital : गौरतलब है कि मंगलवार को पचपेड़ी नाका स्थित इसी अस्पताल में सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस के साथ झूमाझटकी भी हुई। अस्पताल प्रबंधन ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा है कि सभी मजदूर कॉन्ट्रैक्ट एजेंसी के माध्यम से कार्यरत थे, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।











