Tuesday, September 29, 2026
Home Chhattisgarh Rajnandgaon-Public Darshan : सुशासन सप्ताह के तहत अपर कलेक्टर ने सुनी समस्याएं,...

Rajnandgaon-Public Darshan : सुशासन सप्ताह के तहत अपर कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, निराकरण के दिए सख्त निर्देश

राजनांदगांव (हेमंत वर्मा)। ‘सुशासन सप्ताह’ के विशेष उपलक्ष्य में कलेक्टर जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय और प्रेम प्रकाश शर्मा ने जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनदर्शन का मुख्य उद्देश्य शिकायतों का केवल पंजीयन करना नहीं, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।

जनदर्शन के दौरान प्राप्त आवेदनों के अवलोकन के बाद अपर कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता की श्रेणी में रखें। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। आवेदनों के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए।

आज के जनदर्शन में प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभ दिलाने, आधार कार्ड में त्रुटि सुधार एवं अपडेशन, जमीनी सीमांकन और ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त करने से संबंधित आवेदन बड़ी संख्या में प्राप्त हुए। इसके साथ ही कई ग्रामीणों ने नवीन राशन कार्ड बनवाने और पेंशन योजनाओं से लाभान्वित करने की गुहार भी लगाई।

अपर कलेक्टर द्वय ने स्पष्ट किया कि जिन समस्याओं का निराकरण तत्काल संभव है, उन्हें मौके पर ही हल किया जाए और जो मामले प्रक्रियात्मक हैं, उनमें समय-सीमा (Time-limit) के भीतर कार्यवाही पूरी की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कलेक्टोरेट न आना पड़े, ऐसी कार्यप्रणाली विकसित करें।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। जनदर्शन में आए नागरिकों ने प्रशासन के इस सक्रिय रुख की सराहना की। उल्लेखनीय है कि सुशासन सप्ताह के तहत प्रशासन द्वारा ग्राम स्तर और जिला स्तर पर शिविर लगाकर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here