राजनांदगांव। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साई क्लब के तत्वावधान में डॉ. बल्देव प्रसाद स्कूल में एक दिवसीय वार्ड स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में शहर के 8 वार्डों की टीमों ने हिस्सा लिया।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बसन्तपुर वार्ड नं. 46 एवं मोतीपुर वार्ड नं. 03 के मध्य खेला गया। यह फाइनल मैच दर्शकों के लिए अत्यंत रोमांचक रहा। कड़े मुकाबले के बाद, मोतीपुर वार्ड ने उत्कृष्ट खेल का परिचय देते हुए 1 रन के अंतर से जीत दर्ज की और टूर्नामेंट की विजेता बनी।
समापन समारोह में अतिथि के रूप में बजरंगदल संभाग सह संयोजक सुनील सेन, डॉ. विजय ठाकुर, श्री बसंत चितलांगिया और जय जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विजेता टीम को बधाई दी और अपने उद्बोधन में खेलों के महत्व, अनुशासन और टीम भावना पर प्रकाश डाला, जिससे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन हुआ।
टूर्नामेंट में व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए ओमप्रकाश मारकंडे को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया, जबकि अजय वर्मा को बेस्ट बॉलर, दीपक यादव को बेस्ट फिल्डर और फाइनल मैच के श्लोक कामडे को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। आयोजन समिति (साई क्लब) ने सभी खेल प्रेमियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से संपूर्ण टूर्नामेंट शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।











