संवाददाता: हेमंत वर्मा/राजनांदगांव। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में प्राचार्यों व शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर शैक्षणिक कार्यों की गहन समीक्षा की।
बैठक में सीईओ ने पाक्षिक, तिमाही और गत वर्ष के परीक्षा परिणामों की जानकारी लेते हुए बच्चों को गंभीरता से गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विनोबा एप के माध्यम से मासिक व पाक्षिक परीक्षा आयोजित की जाए और शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा परिणामों की सही प्रविष्टि सुनिश्चित हो।
Read News : Caste survey : कर्नाटक जाति सर्वे विवाद : हिंदू जातियों के आगे ‘क्रिश्चियन’ पहचान जोड़ने पर हंगामा
सुश्री सिंह ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा परिणामों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, बोर्ड परीक्षा परिणाम में कमी के कारणों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कोचिंग, उपचारात्मक शिक्षण और अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से सुधार लाने पर बल दिया।
कक्षा पहली से आठवीं तक के कमजोर प्रदर्शन वाले संस्थानों की समीक्षा की गई और सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने भी प्राचार्यों व संकुल समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर बच्चे तक पहुँचे और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सभी को समान रूप से मिले। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यार्थियों से पौधरोपण कराने का भी आह्वान किया।
बैठक में जिला परियोजना अधिकारी (साक्षरता) श्रीमती रश्मि सिंह, जिला मिशन समन्वयक सतीश ब्योहरे, प्राचार्य एवं अन्य शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।











