Raipur News: रायपुर: भाई की संदिग्ध मौत का सच जानने की उम्मीद में एक कारोबारी तंत्र-मंत्र के जाल में ऐसा फंसा कि उसे करीब 40 लाख रुपये की चपत लग गई। रायपुर में एक कथित तांत्रिक ने विशेष साधना और अनुष्ठान के नाम पर पहले लाखों रुपये ऐंठे, फिर एक लग्जरी एसयूवी भी अपने नाम करवा ली। कई महीने तक इंतजार के बाद जब कोई परिणाम नहीं मिला, तो पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
Raipur News: पुलिस के मुताबिक मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता गाजियाबाद निवासी डॉक्टर एवं कारोबारी ऋषभ चौबे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इंदौर में उनके भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिवार इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान रायपुर में रहने वाले एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात खुद को तांत्रिक बताने वाले नरेंद्र नयन शास्त्री से हुई।
Raipur News: आरोप है कि नरेंद्र नयन शास्त्री ने दावा किया कि विशेष तंत्र साधना, पूजा-पाठ और अनुष्ठान के जरिए वह भाई की मौत का रहस्य उजागर कर सकता है। इस भरोसे में पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में करीब 10 लाख रुपये उसे दे दिए।
Raipur News: इसके बाद आरोपी ने महंगी साधना और विशेष अनुष्ठान का हवाला देकर करीब 25 लाख रुपये कीमत की एक लग्जरी एसयूवी भी अपने नाम करवा ली। नकद राशि और वाहन सहित उसने पीड़ित से करीब 40 लाख रुपये की ठगी कर ली।
Raipur News: कई महीने बीतने के बावजूद आरोपी अपने किसी भी दावे को पूरा नहीं कर सका। लगातार टालमटोल और बहानेबाजी के बाद कारोबारी को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उन्होंने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई।
Raipur News: पुलिस ने आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं उसने तंत्र-मंत्र और चमत्कार के नाम पर अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार तो नहीं बनाया।







