Raipur Municipal Corporation meeting : रायपुर : रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा में बुधवार को नेता प्रतिपक्ष बदले जाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। यह बैठक करीब छह घंटे चली, जिसमें 14 एजेंडों पर चर्चा हुई और सभी प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए। बैठक में वर्किंग वूमेन हॉस्टल बनाने, महादेवघाट कॉरिडोर और मशीन से सफाई की अवधि बढ़ाने जैसे प्रस्ताव शामिल थे।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू ने बैठक के दौरान नाराजगी जाहिर की और कहा कि उन्हें साजिश के तहत हटाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सामान्य सभा से ठीक पहले रात में उन्हें पद से हटाने की सूचना दी गई। संदीप साहू ने कहा कि वे इस निर्णय के खिलाफ पार्टी आलाकमान से बात करेंगे।
वहीं सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि कांग्रेस कमेटी की ओर से आकाश तिवारी का नाम नेता प्रतिपक्ष के रूप में प्रस्तावित किया गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि वे दिवाली से पहले किसी को दुखी नहीं करना चाहते थे, इसलिए निर्णय में देरी हुई।
Raipur Municipal Corporation meeting : महापौर मीनल चौबे ने इस मामले पर कांग्रेस संगठन की लापरवाही का जिक्र करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष चुनने की प्रक्रिया में समन्वय की कमी रही है। नए नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जिम्मेदारी दी है और वे जनता से जुड़े मुद्दे मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने बैठक में जीएसटी रिफार्म पर लाए गए आभार प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि यह “आभार नहीं, बल्कि निंदा प्रस्ताव” होना चाहिए, क्योंकि जीएसटी ने छोटे व्यापारियों को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने स्काई वॉक प्रोजेक्ट को लेकर भी निगम प्रशासन से सवाल किए और इसे “बेफिजूल खर्च” बताया। उन्होंने कहा कि राजधानी में वास्तविक विकास कार्यों, जैसे सड़क चौड़ीकरण और नागरिक सुविधाओं पर ध्यान देना अधिक जरूरी है।
Raipur Municipal Corporation meeting : बैठक में भाजपा पार्षद राजेश गुप्ता ने खमारडीह चौक से शराब दुकान हटाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पहले से व्यस्त इलाके में शराब दुकान के कारण ट्रैफिक और भीड़ की समस्या बढ़ रही है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।













