रायपुर : राजधानी रायपुर में रेलवे सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ओर जहां चलती ट्रेन में महिला यात्री का कीमती पर्स चोरी हो गया, वहीं दूसरी ओर रायपुर रेलवे स्टेशन से जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए का गांजा बरामद किया है। दोनों ही मामलों में जीआरपी ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
लिंक एक्सप्रेस में महिला यात्री का पर्स चोरी
लिंक एक्सप्रेस के कोच नंबर बी-1 से एक महिला यात्री का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। इस पर्स में करीब 2.50 लाख रुपए की ज्वेलरी, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। घटना की शिकायत रायपुर जीआरपी थाना में दर्ज कराई गई है।
महासमुंद से पहले हुआ चोरी का अहसास
जीआरपी सूत्रों के अनुसार, ध्रुव पटेल, निवासी श्रीनगर, रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन भक्ति पटेल विशाखापट्टनम से रायपुर की यात्रा कर रही थीं। ट्रेन जब महासमुंद पहुंचने वाली थी, तभी उन्होंने देखा कि बर्थ पर रखा पर्स गायब है। पर्स में मंगलसूत्र, अंगूठी और अन्य आभूषण थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अब कोच में लगे सीसीटीवी और संदिग्ध यात्रियों की जानकारी खंगाल रही है।
रायपुर स्टेशन से 12 लाख का गांजा जब्त
इसी बीच रायपुर जीआरपी ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन परिसर से 25 किलो 540 ग्राम गांजा बरामद किया है। जीआरपी थाना प्रभारी उप निरीक्षक भूपेश राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन के शौचालय के पास एक लावारिस बैग में मादक पदार्थ रखा है।
लावारिस बैग से निकले 13 पैकेट गांजा
जांच के दौरान खंभा नंबर 34 के पास एक लाल ट्रॉली सूटकेस और एक ग्रे-आसमानी पिट्ठू बैग मिला। यात्रियों से पूछताछ के बावजूद कोई दावेदार सामने नहीं आया। बैग खोलने पर कुल 13 पैकेट भूरे टेप से पैक गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से वजन करने पर कुल कीमत 12 लाख 77 हजार रुपए आंकी गई।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
जीआरपी ने गांजा जप्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।













