Raipur Dussehra celebrations: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दशहरा उत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही भव्य आतिशबाजी भी होगी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों को करीब 5 लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार दशहरा उत्सव को खास बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था पर जोर
आयोजन में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पार्किंग, यातायात प्रबंधन, पेयजल, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा चिकित्सा सहायता और अग्निशमन सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
Raipur Dussehra celebrations: बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा
Raipur Dussehra celebrations: विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि दशहरा केवल रावण दहन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। WRS मैदान में होने वाला दशहरा उत्सव रायपुर की प्रमुख सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है। इस बार 101 फीट ऊंचे रावण के दहन और आकर्षक आतिशबाजी को लेकर लोगों में खास उत्साह रहने की उम्मीद है।


