Raipur Drug Smuggling Case : रायपुर | 28 मार्च 2026 राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित वरुण अपार्टमेंट में चल रहे ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश करने के बाद पुलिस ने अब इस मामले के मुख्य फरार आरोपी चंदन ठाकुर को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नर रायपुर के निर्देश और दीगर प्रांत में कार्रवाई की विशेष अनुमति के बाद रायपुर पुलिस की टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर में दबिश देकर आरोपी को उसके ठिकाने से पकड़ा।
क्या था पूरा मामला? अमलीडीह के वरुण अपार्टमेंट (फ्लैट नं. 501) में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई की थी। उस दौरान पुलिस ने शुभम राव सिग्नापुरे, अमन शर्मा और शुभम धावड़े समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों के कब्जे से 11.560 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत 83,000 रुपये), मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 1.63 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया था। यह कार्रवाई 25 दिसंबर 2025 को की गई थी, जिसके बाद से मुख्य तस्कर चंदन ठाकुर और उसका साथी ऋषभ फरार चल रहे थे।
नागपुर में दबिश और गिरफ्तारी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को सूचना मिली कि चंदन ठाकुर नागपुर के नंदनवन थाना क्षेत्र स्थित कुम्हार टोली में छिपा हुआ है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के मार्गदर्शन में न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी ने टीम गठित कर नागपुर भेजी। आरोपी चंदन ठाकुर (28 वर्ष) को हिरासत में लेकर रायपुर लाया गया, जहाँ कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
इस गिरोह में शामिल अन्य फरार आरोपी ऋषभ की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस का मानना है कि चंदन ठाकुर की गिरफ्तारी से ड्रग्स सप्लाई चेन के कई अन्य बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।











