Tuesday, September 1, 2026
Home Chhattisgarh Raipur Crime: उरला की VR एकेडमी में लाखों की चोरी का खुलासा,...

Raipur Crime: उरला की VR एकेडमी में लाखों की चोरी का खुलासा, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

Raipur Crime
Raipur Crime

Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में स्थित वीआर एजुकेशन एकेडमी में हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वारदात के बाद ट्रेन से उज्जैन भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने आरपीएफ भिलाई और बैतूल पुलिस के साथ समन्वय कर उन्हें बैतूल में हिरासत में ले लिया।

जानकारी के मुताबिक, बीरगांव कैलाश नगर स्थित वीआर एजुकेशन एकेडमी की संचालक प्रगति वर्मा ने उरला थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त 2026 की रात करीब 12:06 बजे से 12:48 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति एकेडमी का ताला तोड़कर अंदर घुसा और आलमारी के लॉकर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर टीम गठित की गई। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी रोहित मालेकर के नेतृत्व में जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही एकेडमी से जुड़े लोगों से पूछताछ और मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि आरोपी वारदात के बाद ट्रेन से उज्जैन की ओर भाग रहे हैं।

इसके बाद पुलिस ने आरपीएफ भिलाई और बैतूल पुलिस से संपर्क किया। संयुक्त प्रयास से दोनों आरोपियों को बैतूल में हिरासत में लिया गया। रायपुर लाकर पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 4 लाख 97 हजार 500 रुपए की नकदी बरामद की है। मामले में थाना उरला में अपराध क्रमांक 409/26 के तहत धारा 331(4), 305 और 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की गई है।

Raipur Crime: गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चित्रांश सेन (18), निवासी खमतराई रायपुर और फिरोज साहू (19), निवासी कैलाश नगर बीरगांव, थाना उरला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चित्रांश सेन के खिलाफ वर्ष 2022 में थाना खमतराई में दो मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें एक मारपीट और दूसरा मोटरसाइकिल चोरी का मामला शामिल है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here