Raipur Crime : रायपुर :रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में चाकू मारकर मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान धनेश टंडन उर्फ मेंटल और टिकेश्वर निषाद उर्फ ऑटो के रूप में हुई है।
Raipur Crime : जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दुर्गेश यादव 23 मार्च की रात ट्रांसपोर्ट नगर से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए दो युवकों ने उनसे गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके पेट और पीठ पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गए।
Raipur Crime : मामले की शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और स्थानीय पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
Raipur Crime : आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। साथ ही धनेश टंडन के पास से बटनदार चाकू और टिकेश्वर निषाद के पास से लोहे का चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। फिलहाल उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।











