Raipur Crime:रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। डीडी नगर थाना क्षेत्र में फर्जी MG मोटर्स एजेंसी दिलाने के नाम पर 21.45 लाख रुपये की ठगी की गई, जबकि आजाद चौक थाना क्षेत्र में Crypto Currency में निवेश के नाम पर एक डॉक्टर से 25.66 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी MG मोटर्स एजेंसी के नाम पर 21.45 लाख की ठगी
पहला मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने फेसबुक पर MG मोटर्स की एजेंसी से जुड़ा विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के जरिए संपर्क करने पर आरोपियों ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया और एजेंसी दिलाने का झांसा दिया।
आरोपियों ने पंजीयन के नाम पर पीड़ित से 2.95 लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद सुरक्षा राशि के नाम पर 18.50 लाख रुपये और ले लिए गए। इस तरह पीड़ित से कुल 21 लाख 45 हजार 700 रुपये की रकम ले ली गई।
इसके बाद आरोपियों ने 12 MG कारें उपलब्ध कराने का झांसा देते हुए 20 प्रतिशत रकम और जमा करने को कहा। इस मांग के बाद पीड़ित को संदेह हुआ और उसने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Crypto निवेश के नाम पर डॉक्टर से 25.66 लाख की ठगी
दूसरा मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है। यहां एक डॉक्टर को Crypto Currency में निवेश के नाम पर 25.66 लाख रुपये का चूना लगाया गया। पुलिस के अनुसार फेसबुक के जरिए एक युवती ने डॉक्टर से संपर्क किया और Crypto निवेश में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया।
इसके बाद डॉक्टर को एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर पंजीयन कराया गया। शुरुआत में निवेश पर मुनाफा दिखाकर उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों और UPI के जरिए उनसे कुल 25.66 लाख रुपये जमा करा लिए गए।
वेरिफिकेशन फीस के नाम पर भी मांगे पैसे
Raipur Crime:आरोपियों ने बाद में वेरिफिकेशन चैनल फीस के नाम पर भी डॉक्टर से रकम की मांग की। इसके साथ ही RBI की गाइडलाइन का हवाला देते हुए एक कथित पत्र भेजा गया। इसके बाद डॉक्टर को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
Raipur Crime:डॉक्टर ने तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद आजाद चौक थाने में रेशमी गुप्ता और सुरेश चौहान के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों और लेनदेन से जुड़े बैंक खातों व डिजिटल माध्यमों की जांच कर रही है।






