Raipur Accident: रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित VIP चौक पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कंटेनर की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 8 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, महिला अपनी बेटी के साथ स्कूटी से पचपेड़ी नाका से टेमरी गांव की ओर जा रही थीं। इसी दौरान VIP चौक पर उनकी स्कूटी कंटेनर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद कंटेनर छोड़कर फरार हुआ चालक
Raipur Accident: दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर तेलीबांधा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश कर रही है। साथ ही हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।