Rewa News MLA Abhay Mishra : विधायक अभय मिश्रा पर फिर लगा जमीन हड़पने का आरोप: रीवा के तीरथ खटीक ने खोला मोर्चा, ‘एकपक्षीय’ सीमांकन पर उठाए सवाल

0
528

Rewa News MLA Abhay Mishra : रीवा: भोपाल के विमलेश मिश्रा के बाद अब रीवा के एक अन्य भूस्वामी तीरथ प्रसाद खटीक ने सेमरिया विधायक अभय मिश्रा पर धोखाधड़ी और रसूख के दम पर जमीन हड़पने के गंभीर आरोप लगाए हैं। एक प्रेस वार्ता के दौरान पीड़ित तीरथ प्रसाद खटीक ने खुलासा किया कि विधायक और उनके करीबियों द्वारा उनकी बेशकीमती जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित का दावा है कि राजस्व अमले ने नियमों को ताक पर रखकर अवकाश के दिनों में उनके खिलाफ एकपक्षीय आदेश जारी कर दिया।

क्या है पूरा मामला? तीरथ प्रसाद खटीक के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2023 में रीवा बाईपास से लगा हुआ लगभग 6500 वर्ग फीट का एक भूखंड खरीदा था। इस जमीन के बगल में ‘पाथ इंडिया’ फर्म की जमीन थी, जिसे नवंबर 2025 में विधायक अभय मिश्रा ने खरीद लिया। पीड़ित का आरोप है कि विधायक की जमीन से सटे होने के कारण उनकी जमीन पर नजर गड़ा दी गई। कुछ महीनों बाद विधायक के कथित गुर्गों ने तीरथ के भूखंड की बाउंड्री वॉल को धराशाई कर दिया। विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

प्रशासनिक प्रक्रिया पर संदेह पीड़ित भूस्वामी ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े किए हैं। उनका दावा है कि आराजी क्रमांक 419/2 में उन्हें कोई पूर्व सूचना दिए बिना जमीन का सीमांकन कर दिया गया। इतना ही नहीं, तहसीलदार हुजूर ने अवकाश के दिनों में त्वरित कार्यवाही करते हुए एकपक्षीय आदेश पारित कर दिया, जिससे पीड़ित को अपनी बात रखने का मौका भी नहीं मिला।

विधायक की प्रतिक्रिया का इंतजार हालांकि, इन गंभीर आरोपों पर अभी तक विधायक अभय मिश्रा या उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, पीड़ित तीरथ प्रसाद खटीक ने न्याय न मिलने की स्थिति में सिविल कोर्ट (दीवानी न्यायालय) की शरण लेने और कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here