Friday, August 21, 2026
Home Chhattisgarh Raigarh Raigarh Traffic Police: रायगढ़ यातायात पुलिस का बड़ा एक्शन, एक ही दिन...

Raigarh Traffic Police: रायगढ़ यातायात पुलिस का बड़ा एक्शन, एक ही दिन में रिकॉर्ड 120 वाहनों से वसूला ₹1,51,700 का चालान

Raigarh Traffic Police: गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। जिले में लगातार बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा चेकिंग अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के कड़े दिशा-निर्देशों पर रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रतिदिन सघन चेकिंग की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एक ही दिन में रिकॉर्ड 120 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 1,51,700 रुपये का समन शुल्क वसूला है।
गेरवानी–पूंजीपथरा औद्योगिक मार्ग पर विशेष फोकस
यह बड़ी कार्रवाई डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के सीधे नेतृत्व में गठित विशेष यातायात पुलिस टीम द्वारा की गई। अभियान के दौरान सबसे अधिक और सख्त कार्रवाई गेरवानी–पूंजीपथरा मार्ग पर की गई, जहां से भारी औद्योगिक वाहनों का आवागमन लगातार होता रहता है। इसके विपरीत शहर के भीतर और अन्य कनेक्टिंग मार्गों पर ओवर स्पीड, खतरनाक तरीके से वाहन दौड़ाने, नो पार्किंग क्षेत्र में गाड़ी खड़ी करने, बिना नंबर प्लेट या गलत रजिस्ट्रेशन नंबर लिखने, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठने, बिना हेल्मेट और बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले लापरवाह चालकों पर एमवी एक्ट के तहत कड़े प्रकरण दर्ज किए गए।
पुसौर हादसे के बाद पुलिस सख्त, दर्ज होगी गैर-जमानती धारा
गौरतलब है कि रायगढ़ पुलिस कप्तान शशि मोहन सिंह द्वारा सड़क हादसों को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है। हाल ही में पुसौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए दो अलग-अलग गंभीर सड़क हादसों को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने आरोपित वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया है। पुलिस ने इन दुर्घटनाओं के जिम्मेदार चालकों के विरुद्ध साधारण लापरवाही की धाराओं के बजाय ‘अपराधिक मानव वध’ (गैर-जमानती अपराध) की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। रायगढ़ पुलिस ने इस सख्त एक्शन के जरिए साफ संदेश दे दिया है कि सड़कों पर बेगुनाहों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
चालान काटना उद्देश्य नहीं, सुरक्षा हमारी प्राथमिकता
यातायात विभाग के अधिकारियों के अनुसार रायगढ़ पुलिस का मुख्य उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई कर राजस्व जुटाना नहीं है, बल्कि वाहन चालकों के भीतर एक जिम्मेदार और सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करना है। जब तक हर नागरिक यातायात नियमों के प्रति जागरूक नहीं होगा, तब तक सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाना संभव नहीं है। यही कारण है कि पुलिस चालान काटने के साथ-साथ वाहन चालकों को मौके पर ही रोककर सड़क सुरक्षा नियमों की समझाइश भी दे रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह की आम जनता से भावुक अपील
इस विशेष अभियान को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के नागरिकों के नाम एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि— “सड़क पर की गई एक छोटी सी भी लापरवाही या चंद मिनटों की जल्दबाजी किसी भी हंसते-खेलते परिवार के लिए ताउम्र की बड़ी त्रासदी बन सकती है। तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग और हेलमेट-सीटबेल्ट की अनदेखी सीधे लोगों की कीमती जान को खतरे में डालती है। यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करना केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों पर आगे भी यह सख्ती पूरी कड़ाई के साथ जारी रहेगी, इसलिए सभी सुरक्षित सफर के लिए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here