Raigarh Crime News: रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक, सब्जी नहीं बनाने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को घर के आंगन में जला दिया और हड्डियों के अवशेष जमीन में दबा दिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी के लापता होने की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज करा दी।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान चमेली सिदार (26) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति देवानंद सिदार (39) है। दोनों की शादी करीब चार साल पहले प्रेम विवाह के जरिए हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी।
पुलिस के अनुसार, घटना 16 अप्रैल 2026 की रात की है। उस रात भाजी नहीं बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में देवानंद ने चमेली का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के आंगन में जला दिया और बचे हुए हड्डियों के अवशेषों को गड्ढा खोदकर पत्थरों के नीचे दबा दिया।
इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने 28 अप्रैल को कापू थाने में पत्नी के 16 अप्रैल की रात से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
गुमशुदगी की जांच के दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव को आरोपी के बयानों और उसके व्यवहार में विरोधाभास नजर आया। संदेह के आधार पर पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से घर के आंगन की बारीकी से जांच की। यहां से जले हुए हड्डियों के अवशेष बरामद किए गए।
पुलिस ने हड्डियों के नमूनों का डीएनए परीक्षण कराया। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बरामद अवशेष लापता चमेली सिदार के ही थे। वैज्ञानिक साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 23 अगस्त 2026 को आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मामला दर्ज किया।
Raigarh Crime News: पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया था। कापू थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की के नेतृत्व में टीम ने तीन दिनों तक गांव और आसपास के जंगल क्षेत्र में कैंप कर आरोपी की तलाश की। मुखबिर तंत्र की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।





