Raigarh Coal Block Protest : रायगढ़। जिले के तमनार क्षेत्र में जिंदल कोल ब्लॉक (सेक्टर 1) के लिए हुई जनसुनवाई को लेकर पिछले कई दिनों से जारी गतिरोध आखिरकार समाप्त होता नजर आ रहा है। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की भावनाओं और विरोध को देखते हुए 8 दिसंबर 2025 को धौराभाठा में आयोजित जनसुनवाई को निरस्त करने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा है। रविवार देर शाम तमनार जनपद पंचायत कार्यालय में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में प्रभावित 14 गांवों के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई शांति वार्ता सफल रही।
उल्लेखनीय है कि इस कोल ब्लॉक के विरोध में ग्रामीण 12 दिसंबर से धरने पर बैठे थे, जिसने बीते दिनों उग्र रूप ले लिया था। ग्राम लिबरा के पास पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प में एसडीओपी और टीआई सहित कई जवान घायल हो गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने लगातार दो दिनों तक ग्रामीणों से संवाद का प्रयास किया।
रविवार को हुई बैठक में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई के निरस्तीकरण की प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है। इस सकारात्मक आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की सहमति दी है। प्रशासन के इस कदम से तमनार इलाके में फैला तनाव अब कम होने की उम्मीद है।













