Protest at the municipal corporation : रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में अब रायपुर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी लामबंद हो गए हैं। रायपुर नगर पालिक निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ ने आगामी 29, 30 और 31 दिसंबर को तीन दिवसीय आंदोलन का निर्णय लिया है। योजना के अनुसार, 29 और 30 दिसंबर को निगम मुख्यालय सहित सभी 10 जोनों के अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यालयों में काली पट्टी लगाकर कार्य करेंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे। वहीं, 31 दिसंबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत सभी कर्मचारी एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर रैली निकालेंगे और सामूहिक हड़ताल में शामिल होंगे।
एकता संघ के कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने बताया कि हालांकि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं, लेकिन आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक सेवाओं को इस हड़ताल से मुक्त रखा गया है। आंदोलन के पहले दिन यानी 29 दिसंबर को एक प्रतिनिधिमंडल महापौर मीनल चौबे और निगमायुक्त विश्वदीप से मुलाकात कर आगामी 10 वर्षों के लिए प्रस्तावित निगम सेटअप में सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को समान अवसर और शीघ्र विभागीय पदोन्नति देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेगा। इससे पूर्व फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी और अन्य पदाधिकारियों ने निगम मुख्यालय पहुंचकर आंदोलन के लिए समर्थन मांगा था, जिसे कर्मचारी संघ ने पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।











