Pharasgaon News: रामकुमार भारद्वाज/ फरसगांव :- स्थानीय पीएम श्री विद्यालय फरसगांव में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आगामी बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए पालक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य महावीर जायसवाल ने की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में पालकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Pharasgaon News: बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, मासिक एवं त्रैमासिक मूल्यांकन रिपोर्ट, नियमित उपस्थिति तथा आगामी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
Pharasgaon News: घर पर भी मिले पढ़ाई का सकारात्मक माहौल
पीएम श्री विद्यालय के प्राचार्य महावीर जायसवाल ने पालकों को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ घर पर भी बच्चों को सकारात्मक एवं शांत वातावरण मिलना जरूरी है। उन्होंने पालकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई, दिनचर्या एवं उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
_कमजोर विषयों पर रहेगा विशेष फोकस
शिक्षकों ने प्रत्येक विद्यार्थी की विषयवार प्रगति रिपोर्ट पालकों के समक्ष रखी। कठिन एवं कमजोर विषयों में सुधार के लिए अतिरिक्त कक्षाएं, विषयवार मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों की व्यक्तिगत प्रगति पर विशेष ध्यान देने की योजना साझा की गई।
_नियमित उपस्थिति पर जोर
बैठक में बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए विद्यार्थियों की नियमित शाला उपस्थिति को महत्वपूर्ण बताया गया। शिक्षकों ने पालकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और पढ़ाई के प्रति गंभीरता बनाए रखने का आग्रह किया।
_पालकों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
उपस्थित पालकों ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य महावीर जायसवाल ने सभी पालकों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय परिवार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।





