VHP Bangladesh Issue : भोपाल: पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी.सी. शर्मा ने राजधानी भोपाल में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के आरएसएस (RSS) वाले बयान का बचाव करते हुए जहां उन्हें पार्टी की ‘संजीवनी’ बताया, वहीं अपराधियों के मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा।
दिग्विजय सिंह के बयान पर सफाई
दिग्विजय सिंह के हालिया बयान पर मचे बवाल के बीच पी.सी. शर्मा ने कहा कि सिंह का उद्देश्य केवल कांग्रेस संगठन को मजबूत करना है। शर्मा ने स्पष्ट किया कि, “दिग्विजय सिंह यह कहना चाहते थे कि आरएसएस ने कभी जेल जाने या धरना-प्रदर्शन करने वाला संघर्ष नहीं किया। उन्होंने सीडब्ल्यूसी (CWC) की बैठक में कार्यकर्ताओं को घर-घर जाने का सुझाव दिया है।” राज्यसभा कार्यकाल खत्म होने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश कांग्रेस के लिए संजीवनी के समान हैं।
ईरानी डेरे और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल
भोपाल में ईरानी डेरे पर हुई कार्रवाई और बढ़ते अपराधों पर पूर्व मंत्री ने सरकार और खुफिया तंत्र पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भोपाल अपराधियों का हब बनता जा रहा है। शर्मा ने सवाल किया, “बदमाशों के अंदर पुलिस का डर क्यों खत्म हो गया है? हमारा तंत्र इन तक समय रहते क्यों नहीं पहुँच पाता? ऐसा लगता है कि अपराधियों ने भोपाल को ‘सेफ जोन’ बना लिया है, जहाँ से वे अन्य जगहों पर वारदातों को अंजाम देते हैं।”
बांग्लादेश और वीएचपी पर तीखा प्रहार
विश्व हिंदू परिषद (VHP) की प्रांतीय बैठक में ‘धार्मिक अल्पसंख्यक’ की परिभाषा बदलने के प्रस्ताव पर पी.सी. शर्मा ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि वीएचपी और आरएसएस इधर-उधर की बातें करने के बजाय अपने प्रधानमंत्री से पूछें कि बांग्लादेश में हिंदुओं की जान क्यों जा रही है? शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा, “यदि आज इंदिरा गांधी होतीं, तो अब तक बांग्लादेश में घुसकर हिंदुओं को बचा लिया होता। ये लोग सिर्फ लंबी-लंबी बातें करते हैं, समाधान नहीं।”
बीजेपी की कार्यसमिति पर चुटकी
भाजपा की नई कार्यसमिति के गठन में हो रही देरी पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस से भाजपा में गए बड़े नेताओं की वहां सुनी नहीं जा रही है। इसी खींचतान के कारण कार्यसमिति बनाने में देरी हो रही है।













