भोपाल। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिंदुत्व, शंकराचार्य प्रकरण, भ्रष्टाचार और SIR को लेकर राज्य सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस 24 जनवरी को भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर एक दिवसीय उपवास करेगी।
शंकराचार्य के अपमान का आरोप
पीसी शर्मा ने कहा कि अंग्रेजों ने भी कभी यह नहीं पूछा कि शंकराचार्य कौन हैं, लेकिन बीजेपी सरकार में शंकराचार्य से उनकी पहचान पूछी गई, जिसे उन्होंने सनातन परंपरा का अपमान बताया। उनका आरोप है कि शंकराचार्य के शिष्यों के साथ मारपीट की गई और हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई।
उन्होंने कहा कि वाराणसी के मणिकर्णिका घाट, जहां मोक्ष की मान्यता है, वहां भी तोड़फोड़ कर धार्मिक आस्था को आघात पहुंचाया गया।
भोपाल में गौ माता के अपमान का दावा
पीसी शर्मा ने भोपाल में गौ माता के अपमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शहर में गायों की हत्या तक हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मामलों पर आंख मूंदे बैठी है।
Read More : इंदौर : भागीरथपुरा में नर्मदा जल संकट पर राहत, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया निरीक्षण
24 जनवरी को उपवास और पूजन
कांग्रेस नेता ने बताया कि 24 जनवरी को रोशनपुरा में उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें शंकराचार्य जी का पूजन होगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी शामिल होंगे।
सड़क धंसने और भ्रष्टाचार पर हमला
भोपाल में सड़क धंसने की घटनाओं पर पीसी शर्मा ने कहा कि कार्रवाई सिर्फ ठेकेदारों पर होती है, जबकि अधिकारी बच जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानती है कि बिना रिश्वत के काम नहीं होता।पीसी शर्मा ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन अब ‘हेल्पलेस’ बन चुकी है और प्रदेश में हर स्तर पर भ्रष्टाचार फैला हुआ है।
SIR में गड़बड़ी का आरोप
पीसी शर्मा ने SIR को लेकर नया आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी कार्यालय से 7 नंबर फार्म बांटे जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अल्पसंख्यकों से जबरन फार्म भरवाए जा रहे हैं और आदिवासियों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहले फर्जी तरीके से नाम जोड़कर चुनाव जीते गए और अब जबरन नाम काटे जा रहे हैं। कांग्रेस को इस संबंध में कई शिकायतें मिली हैं और पार्टी इस पर कड़ा एक्शन लेगी।









