OPERATION NISCHAY: रायपुर : विशेष अभियान “OPERATION NISCHAY” के अंतर्गत नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाते हुए रायपुर पुलिस ने थाना गंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी मसाला मदिरा के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 42.840 बल्क लीटर अवैध शराब, ₹3,40,220/- नगद राशि सहित कुल ₹4,28,020/- की संपत्ति जप्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में क्षेत्र के राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में समस्त थाना क्षेत्रों में शराब भट्टियों के आसपास, अड्डेबाजी के इलाकों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग तथा नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
OPERATION NISCHAY: इसी क्रम में थाना गंज की पुलिस टीम प्रभात टॉकीज के पीछे, गंजपारा भट्टी क्षेत्र के पास चेकिंग के लिए गई थी। इस दौरान भट्टी के समीप स्थित एक किराये के मकान के पास कुछ व्यक्तियों को संदिग्ध रूप से सामान छुपाते हुए भागने का प्रयास करते देखा गया। घेराबंदी कर दोनों व्यक्तियों को मौके पर पकड़कर विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी मसाला मदिरा एवं बड़ी मात्रा में नगद राशि बरामद की गई।
OPERATION NISCHAY: गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश साहू (29 वर्ष) एवं गोपाल दास मानिकपुरी (37 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से 238 पौवा देशी मसाला मदिरा (42.840 बल्क लीटर), ₹3,40,220/- नगद, 02 मोबाइल फोन एवं 01 एक्टिवा वाहन जप्त किया गया है। प्रकरण में थाना गंज में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम, 112(2) बीएनएस संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों एवं सरगना की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही हेतु गहन जांच एवं पतासाजी की जा रही है।रायपुर पुलिस स्पष्ट करती है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा “ऑपरेशन निश्चय” के अंतर्गत ऐसी कार्यवाहियां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।











