Tuesday, October 6, 2026
Home Chhattisgarh Raigarh Crime News: जूटमिल पुलिस का बड़ा खुलासा, मिनीमाता चौक पर लूट...

Raigarh Crime News: जूटमिल पुलिस का बड़ा खुलासा, मिनीमाता चौक पर लूट और बजरंगपारा में चाकूबाजी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। Nishaanebaz.com-Raigarh Crime News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की जूटमिल पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर शहर में हुई दो सनसनीखेज वारदातों का पर्दाफाश कर दिया है। मिनीमाता चौक के पास हुई लूटकांड और बजरंगपारा में 17 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बालिग आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया बटन चाकू बरामद कर लिया गया है।

मिनीमाता चौक पर हुई थी लूट की वारदात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग (मिनीमाता चौक के पास) प्रार्थी रितेश कुमार जैन (निवासी महरापारा जूटमिल) का रास्ता रोककर आरोपियों ने मारपीट की थी। नाबालिगों और उनके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और नुकीले चाकू से प्रार्थी के सीने पर वार कर 300 रुपये नकद व वीवो (Vivo) कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में जूटमिल थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

Read More :  प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी, पथराव करने वाले उपद्रवियों को पुलिस ने प्लास्टिक पाइप से खदेड़ा; दो गिरफ्तार

बजरंगपारा में 17 वर्षीय किशोर पर किया था चाकू से हमला

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसी रात करीब 8 बजे दोनों नाबालिगों ने आरोपी गणेश सारथी (24 वर्ष) और एक अन्य साथी के साथ मिलकर बजरंगपारा के 17 वर्षीय किशोर से शराब के लिए पैसे मांगे थे। पैसे न देने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से पेट में चाकू से वार कर दिया था। इस घटना पर भी पुलिस ने नामजद अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।

एसएसपी के निर्देशन में हुई त्वरित कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर तीन संदेहियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पकड़े गए आरोपियों में बालिग गणेश सारथी (निवासी बजरंगपारा) के अलावा दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, एक बटन चाकू और हाथ में पहनने वाला लोहे का कड़ा बरामद किया है। आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है, जबकि बालिग आरोपी गणेश सारथी को रिमांड पर भेज दिया गया है। इस सनसनीखेज मामले में शामिल अन्य 4 फरार आरोपियों की तलाश तेजी से की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here