इंदौर। Nishaanebaz.com-Indore RE-2 Road Demolition Clash: मध्य प्रदेश के आर्थिक राजधानी इंदौर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शहर के बहुप्रतीक्षित RE-2 रोड के करीब एक किलोमीटर लंबे अधूरे हिस्से का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए मंगलवार सुबह पहुँची नगर निगम और प्रशासन की टीम का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया। विरोध इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने प्रशासनिक टीम और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज किया और उपद्रवियों को खदेड़ा।
बंगाली चौराहा से पिपलियाहाना के बीच हो रहा है निर्माण
इंदौर के बंगाली चौराहा से पिपलियाहाना के बीच बनाए जा रहे RE-2 रोड के करीब एक किलोमीटर लंबे अधूरे हिस्से को पूरा करने के लिए मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम जेसीबी, पोकलेन मशीनों और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। टीम शहर के बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर में बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई करने पहुँची थी।
कार्यवाही शुरू होते ही स्थानीय रहवासियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध ने उग्र रूप ले लिया और रिमूवल टीम एवं पुलिस पर पथराव कर दिया गया।
Read More : 4,000 आवेदकों को पीछे छोड़ कर इतिहास रचने वाली रेशमा नीलोफर विशालाक्षी बनीं देश की पहली महिला समुद्री पायलट
पथराव के बाद मची अफरा-तफरी, दो गिरफ्तार
अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और प्लास्टिक के पाइप व लाठियों का इस्तेमाल कर लोगों को खदेड़ा, तब जाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। इस हिंसक झड़प और पथराव में दो लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। मौके पर तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
3 साल से अधूरा पड़ा था 1 किलोमीटर का हिस्सा
एसडीएम घनश्याम नगर ने जानकारी देते हुए बताया कि RE-2 रोड की कुल लंबाई 4.25 किलोमीटर और चौड़ाई 45 मीटर है। इसमें से 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण पहले ही हो चुका है, लेकिन करीब 1 किलोमीटर का हिस्सा पिछले तीन साल से विभिन्न कारणों से अधूरा था। इस पूरे प्रोजेक्ट पर अब तक 55 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। इस सड़क के रास्ते में कुल सात बस्तियां बाधक थीं।
Read More : CG News: भिलाई- हरिराज होटल के बाथरूम में स्पाइ कैमरा! स्टाफ पर शक, घटना के बाद से फरार
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवारों को किया गया शिफ्ट
प्रशासन के अनुसार, पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ इलाके में लगभग 325 परिवारों को पहले ही शिफ्ट किया जा चुका है, जिसमें से 303 परिवार आवासीय प्रकोष्ठों में रह रहे हैं। अदालत के स्थगन (Stay) आदेश के कारण 22 मकानों को उस समय नहीं हटाया गया था। कोर्ट का निर्णय आने के बाद इन मकान मालिकों को भी वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए गए और 15 दिन का नोटिस दिया गया था। इसके अलावा 58 अवैध कच्ची झोपड़ियाँ भी हटाई जा चुकी हैं।
अब शिव नगर (80 मकानों के 117 परिवार) और शिव दर्शन नगर (55 मकानों के 72 परिवार) के लोगों को भी नीलगिरी परिसर में बने मकानों में शिफ्ट किया जा रहा है। बाधाएँ पूरी तरह हटने के बाद इस अहम सड़क का निर्माण तेजी से शुरू किया जाएगा, जिससे भूरी टेकरी, पिपलियाहाना, बंगाली और नायता मुंडला आरटीओ इलाके के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।






