Coal scam: रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला घोटाला मामले में EOW की ओर से पेश किए गए पूरक चालान में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। चार्जशीट में चर्चित कवि डॉ. कुमार विश्वास को एक कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपये के भुगतान का उल्लेख किया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, यह भुगतान कोयला घोटाले से जुड़ी रकम से किए जाने की बात जांच में सामने आई है।
Coal scam: चार्जशीट के मुताबिक, कांग्रेस शासनकाल के दौरान रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में देश के कई चर्चित कवियों को आमंत्रित किया गया था। EOW की जांच में कार्यक्रम से जुड़े खर्च और भुगतान को लेकर दस्तावेजों को भी शामिल किया गया है।
Coal scam: देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी की चैट का हवाला
जांच एजेंसी ने चार्जशीट में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और कोयला घोटाला मामले के आरोपी सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई चैट का भी हवाला दिया है। EOW के अनुसार, इसी चैट और जांच में सामने आए दस्तावेजों के आधार पर कार्यक्रम से जुड़े भुगतान की जानकारी चार्जशीट में दर्ज की गई है।
खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान हुआ था कार्यक्रम
‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान आयोजित किया गया था। उस समय कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया था। भाजपा ने निर्वाचन आयोग से शिकायत करते हुए कार्यक्रम की अनुमति पर सवाल उठाए थे।
चार्जशीट के पेज 66 में भुगतान का उल्लेख
Coal scam: EOW की पूरक चार्जशीट के पेज नंबर 66 में कुमार विश्वास को 25 लाख रुपये दिए जाने का उल्लेख किया गया है। हालांकि, उपलब्ध विवरण में कार्यक्रम में शामिल अन्य कवियों को किए गए भुगतान का अलग से उल्लेख सामने नहीं आया है। मामले में EOW की जांच और चार्जशीट में दर्ज दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।






