गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। Nishaanebaz.com-Raigarh Scrap Seizure Case: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जीएसटी कर चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ई-वे बिल की जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए स्क्रैप परिवहन के मामले में जीएसटी विभाग एवं पूंजीपथरा पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश देते हुए 16 चक्का ट्रक और करीब 32 टन 500 किलो लोहे के स्क्रैप को जप्त किया है। जप्त की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 26 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ई-वे बिल जांच के दौरान खुला फर्जीवाड़ा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 1 अक्टूबर 2026 को रायगढ़ ई-वे बिल जांच दल द्वारा एन.आर.व्ही.एस. प्लांट तराईमाल के पास वाहन क्रमांक CG22P9367 को रोककर उसकी जांच की गई थी। वाहन में लदे स्क्रैप और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच के दौरान चालक अलेख्जेण्डर तिर्की ने माल को जिला कोरबा से ए.आर. इस्पात पूंजीपथरा ले जाना बताया। हालांकि, वाहन में मौजूद माल और प्रस्तुत दस्तावेजों के बीच भारी विरोधाभासी तथ्य सामने आए।
इस पर जीएसटी विभाग ने वाहन को आगे की जांच के लिए निरूद्ध करते हुए चालक को MOV-01 और MOV-02 नोटिस जारी किए तथा वाहन को नजदीकी पेट्रोल पंप पर खड़ा कराया गया। इसके बावजूद, चालक ने संबंधित अधिकारी की अनुमति के बिना वाहन को सीधे ए.आर. इस्पात पूंजीपथरा के प्लांट परिसर में अनलोडिंग के लिए ले जाने का प्रयास किया।
संतोषजनक दस्तावेज न मिलने पर पुलिस को सौंपा गया मामला
जीएसटी विभाग ने बीजक जारी करने वाली फर्म मेसर्स पी.आर. ग्लोबल (जगतपुर रोड, रायगढ़) को भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन फर्म द्वारा मातृ बीजक, माल के वास्तविक स्रोत और भुगतान से जुड़े वैध कागजात पेश नहीं किए गए। प्रथम दृष्टя माल के संदिग्ध और चोरी का होने की आशंका पर जीएसटी विभाग ने पूरे मामले को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना पूंजीपथरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
16 चक्का ट्रक और 32.5 टन स्क्रैप जप्त
दिनांक 4 अक्टूबर 2026 को पूंजीपथरा पुलिस ने वाहन की विधिवत जांच की, जिसमें विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स समेत कुल 32.5 टन स्क्रैप लदा हुआ पाया गया। वाहन चालक अलेख्जेण्डर तिर्की (पिता भीमसेन तिर्की, उम्र 50 वर्ष, निवासी चिड़रापारा पत्थलगांव, जिला जशपुर) से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह इस स्क्रैप को नुनबीरा, धरमजयगढ़ क्षेत्र से लाकर ए.आर. इस्पात में खपाने जा रहा था।
एलायंस या प्लांट प्रबंधन से संपर्क करने पर भी वाहन और माल से संबंधित कोई संतोषजनक जानकारी या पर्चेस ऑर्डर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष करीब 6.50 लाख रुपये कीमत का 32.5 टन स्क्रैप और लगभग 20 लाख रुपये कीमत के 16 चक्का ट्रक (कुल कीमत ₹26.50 लाख) को जप्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की है।






