फुटेर। Khargapur Dog Attack: ग्राम फुटेर में आज सुबह पागल कुत्ते के आतंक से हड़कंप मच गया। अचानक गांव में घुसे एक पागल कुत्ते ने एक के बाद एक करीब एक दर्जन लोगों पर हमला कर उन्हें काट लिया। हमले में छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ता सुबह के समय गांव की गलियों में घूम रहा था। उसने पहले स्कूल जा रहे बच्चों को निशाना बनाया, फिर खेत जा रहे ग्रामीणों और घर के बाहर बैठे लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने बच्चों को लेकर घरों में छिप गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल खरगापुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने सभी को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया है और घावों की ड्रेसिंग की है। दो-तीन लोगों को गहरे जख्म होने के कारण उन्हें निगरानी में रखा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है, लेकिन आज की घटना के बाद छोटे बच्चों में भारी दहशत है। अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से भी डर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और नगर पंचायत से मांग की है कि गांव में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल टीम भेजी जाए और पीड़ितों को उचित मुआवजा व इलाज की व्यवस्था की जाए, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।