गरियाबंद। Nishaanebaz.com-Gariaband Teacher Drinking In School Video: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक स्थित एक सरकारी स्कूल से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। ग्राम कमारपारा स्थित प्राथमिक स्कूल में पदस्थ एक सहायक शिक्षक का कक्षा के भीतर बैठकर खुलेआम महुआ शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया, जिसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित शिक्षक को कारण बताओ (शो कॉज) नोटिस जारी किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला मैनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत भाटापानी के आश्रित गांव कमारपारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का है। यहाँ पदस्थ सहायक शिक्षक सतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
वायरल वीडियो में शिक्षक कक्षा के कमरे के भीतर शराब के नशे में धुत बैठा नजर आ रहा है और पास ही महुआ शराब की बोतल भी साफ दिखाई दे रही है। ग्रामीणों और पालकों द्वारा बनाए गए इस वीडियो के सार्वजनिक होते ही विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
गरियाबंद: कमारपारा स्कूल की कक्षा में महुआ शराब पीते सहायक शिक्षक का वीडियो वायरल, BEO ने थमाया कारण बताओ नोटिस।#Gariyaband #CGEducation #Mainpur #CGNews pic.twitter.com/5dUk2km3mk
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) September 4, 2026
मामला सामने आने के बाद मैनपुर BEO ने सहायक शिक्षक सतीश कुमार को शो कॉज नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ निलंबन और अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि मैनपुर के मैदानी व अंदरूनी इलाकों के स्कूलों से ऐसी शर्मनाक तस्वीरें बार-बार सामने आ रही हैं। महज दो महीने पहले ही इसी ब्लॉक के एक अन्य स्कूल परिसर में शराब पार्टी करने का वीडियो वायरल होने पर तत्कालीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया था। इसके बावजूद बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने गरियाबंद जिले में शिक्षा विभाग की मॉनिटरिंग और प्रशासनिक कसावट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





