Tuesday, August 18, 2026
Home Religious Bageshwar Dham: बागेश्वर धाम में अनंत अंबानी की भक्ति: पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण...

Bageshwar Dham: बागेश्वर धाम में अनंत अंबानी की भक्ति: पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कराया बालाजी और सन्यासी बाबा का दिव्य दर्शन, देश कल्याण के लिए यज्ञ में दी आहुतियां

Bageshwar Dham: बागेश्वर धाम/छतरपुर: रिलायंस इंडस्ट्रीज के अनंत अंबानी अपनी धार्मिक और आध्यात्मिक आस्था के तहत मध्य प्रदेश के सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल बागेश्वर धाम पहुंचे। धाम परिसर पहुंचने पर पीठाधीश्वर पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर सरकार) ने सनातन परंपरा के अनुसार उनका अत्यंत आत्मीय और भव्य स्वागत किया। बागेश्वर सरकार ने अनंत अंबानी को विशेष मुद्गर, बलजीबी रुद्राक्ष की पवित्र माला और अंग वस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरे परिसर में वैदिक मंत्रों की गूंज और श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला।

सन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार की महिमा से हुए अवगत

स्वागत सत्कार के बाद पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री स्वयं अनंत अंबानी को लेकर गर्भगृह पहुंचे, जहाँ उन्होंने अंबानी को श्री बागेश्वर बालाजी भगवान, सन्यासी बाबा एवं प्रेतराज सरकार के पावन और दिव्य दर्शन कराए। इस अवसर पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अनंत अंबानी को इस सिद्ध पीठ के इतिहास, सन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार की अलौकिक महिमा व चमत्कारों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। दर्शन के उपरांत दोनों ने मिलकर श्री बागेश्वर बालाजी भगवान की महाआरती की और देश की सुख-समृद्धि, सनातन धर्म की रक्षा तथा जनकल्याण की मंगलकामना के साथ बालाजी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

यज्ञशाला में आहुति और 11 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन

महाआरती के पश्चात अनंत अंबानी और बागेश्वर सरकार धाम में स्थित विशाल यज्ञशाला पहुंचे। वहाँ काशी (वाराणसी) से विशेष रूप से पधारे प्रकांड विद्वान ब्राह्मणों और आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा था। अनंत अंबानी ने इस यज्ञ में पूर्ण श्रद्धा के साथ हवन की पवित्र आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ संपन्न होने के बाद अनंत अंबानी ने सनातन संस्कृति का सम्मान करते हुए 11 नौकुमारी कन्याओं का विधिवत पैर पूजकर, उन्हें तिलक लगाया और दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

काशी के विद्वान ब्राह्मणों का किया सम्मान

इस धार्मिक प्रवास के अंतिम चरण में अनंत अंबानी ने यज्ञ संपन्न कराने आए काशी के सभी विद्वान भूदेवों (ब्राह्मणों) का शाल-श्रीफल से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया और उनसे देश की उन्नति के लिए आशीर्वाद लिया। अंबानी परिवार की ओर से समय-समय पर देश के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना की जाती रही है, और इसी कड़ी में बागेश्वर धाम में अनंत अंबानी द्वारा किया गया यह विशेष अनुष्ठान और कन्या पूजन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। धाम समिति के मुताबिक, इस वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था भी सुचारू रूप से चालू रही।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here