रायगढ़। Nishaanebaz.com-Obscene Reel Dharamjaigarh Action: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में सोशल मीडिया पर सस्ते प्रचार और रील बनाने के चक्कर में स्कूली छात्राओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा है। स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाते हुए वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वाले युवक को पुलिस ने थाने तलब कर कड़ी समझाइश दी। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने की जानकारी मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी थी।
इंस्टाग्राम आईडी के जरिए पकड़ाया आरोपी जयदेव मंडल
धरमजयगढ़ पुलिस ने साइबर निगरानी और संबंधित इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर वीडियो बनाने वाले युवक जयदेव मंडल, निवासी धरमजयगढ़ को चिन्हित किया और उसे तत्काल थाने बुलवाया। पुलिस द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसने अपने ही मोबाइल फोन से सार्वजनिक रास्ते पर छात्राओं के सामने उक्त अशोभनीय वीडियो बनाया था और उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया था।
धरमजयगढ़: स्कूली छात्राओं के सामने अश्लील रील बनाने वाले युवक को पुलिस ने किया तलब, थाने में मंगवाई लिखित माफी।#RaigarhPolice #Dharamjaigarh #InstagramReel #CGNews pic.twitter.com/h5hylbW3kt
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) September 7, 2026
एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने दी कड़ी चेतावनी, युवक ने मांगी माफी
मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने युवक को पुलिस थाने में तलब कर सोशल मीडिया के जिम्मेदार और कानून सम्मत उपयोग की सख्त समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर छात्राओं या किसी भी नागरिक को असहज करने वाले कृत्य और अश्लीलता का वीडियो बनाना गैर-कानूनी है। पुलिस की कड़ी फटकार के बाद युवक को अपनी गलती का अहसास हुआ और उसने लिखित में माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने का वचन दिया।
रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की पैनी नजर
रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों और युवाओं को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक और मर्यादा में रहकर ही करें। पुलिस की ‘सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल’ लगातार सभी प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है। इंटरनेट पर किसी भी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने, भड़काऊ या अश्लील सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






