MP News: महाराष्ट्र में बच्ची की जान लेने वाला शेर बैतूल में दिखा, दाभोना में वीडियो वायरल; वन विभाग-पुलिस हाई अलर्ट

Anuj Nirala

[nishaanebaz.com] MP News:शशांक सोनकपुरिया\ बैतूल। महाराष्ट्र में एक बच्ची की जान लेने और मवेशियों का शिकार करने के बाद एक शेर के मध्यप्रदेश की सीमा में प्रवेश करने की सूचना से बैतूल जिले में दहशत का माहौल है। महाराष्ट्र से लगे बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के दाभोना गांव में इसी शेर की मौजूदगी देखे जाने का दावा किया गया है। ग्रामीणों ने शेर का वीडियो भी बनाया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित शेर ने महाराष्ट्र के ग्राम ब्राह्मणवाडा में एक बच्ची पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। इससे एक दिन पहले 6 सितंबर को सिराजगांव में एक गाय और उसके बछड़े को भी शेर द्वारा मारे जाने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद शेर के मध्यप्रदेश की सीमा की ओर बढ़ने से वन विभाग और पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है।

दाभोना गांव में दिखा शेर, ग्रामीणों ने बनाया वीडियो

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के बाद अब शेर का मूवमेंट बैतूल जिले के आठनेर क्षेत्र में देखा गया है। दाभोना गांव में ग्रामीणों ने उसे देखने के बाद उसका वीडियो बनाया। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल बन गया है।प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग और पुलिस की टीमों को अलर्ट कर दिया है। शेर की गतिविधियों और संभावित लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Read More: Bhopal News: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर हमीदिया अस्पताल में इंटर्न डॉक्टरों का जोरदार प्रदर्शन, CM हाउस जाने से पुलिस ने रोका

वन विभाग और पुलिस की टीमें हाई अलर्ट पर

शेर के मूवमेंट की सूचना मिलने के बाद आठनेर पुलिस और वन विभाग की टीमों को तत्काल सक्रिय किया गया है। प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट के समन्वय से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।वन विभाग की टीमें शेर की लोकेशन ट्रेस करने और उसके मूवमेंट पर नजर रखने के लिए मौके पर पहुंच रही हैं। जिला मुख्यालय से टीम को ड्रोन और अन्य जरूरी संसाधनों के साथ भेजे जाने की जानकारी है, ताकि शेर की गतिविधियों पर दूर से भी नजर रखी जा सके।

संवेदनशील गांवों में मुनादी, ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क

शेर की मौजूदगी की सूचना के बाद दाभोना सहित आठनेर क्षेत्र के संवेदनशील गांवों में प्रशासन की ओर से मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहने और जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।वनमंडलाधिकारी ने ग्रामीणों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि फिलहाल जंगल से दूरी बनाए रखें और अकेले जंगल की ओर बिल्कुल न जाएं। जरूरी होने पर भी समूह बनाकर ही बाहर निकलें।

अंधेरा होने के बाद अकेले बाहर न निकलें

वन विभाग ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि शाम और रात के समय विशेष सावधानी बरतें। अंधेरा होने के बाद अकेले खेतों, जंगल या सुनसान इलाकों की ओर न जाएं। बच्चों को भी अकेले घर से बाहर न भेजने की अपील की गई है।ग्रामीणों से यह भी कहा गया है कि फिलहाल मवेशियों को चराने के लिए जंगल के अंदर न ले जाएं। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने की सलाह दी गई है, ताकि शेर के संभावित हमले का खतरा कम किया जा सके।

Read More: Indore News: सागर शराब कांड के बाद इंदौर में अवैध शराब पर शिकंजा, 3 दिन में 1.10 करोड़ की करीब 1000 पेटी शराब जब्त

शेर दिखे तो खुद पीछा न करें, तुरंत दें सूचना

प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी को शेर दिखाई देता है तो वह उसके करीब जाने या उसका पीछा करने की कोशिश न करे। भीड़ जुटाकर शेर को घेरने से भी बचने की सलाह दी गई है।शेर दिखाई देने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम, आठनेर थाना या वन विभाग को सूचना देने के लिए कहा गया है। इससे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई कर सकेगी।

शेर की लोकेशन पर वन विभाग की लगातार नजर

वन विभाग की टीम शेर के संभावित रास्तों और मूवमेंट को ट्रेस करने में जुटी है। ड्रोन समेत अन्य संसाधनों की मदद से जंगल और आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि शेर की सटीक लोकेशन का पता लगाकर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।महाराष्ट्र में बच्ची की मौत और मवेशियों के शिकार की सूचना के बाद बैतूल में शेर की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। फिलहाल वन विभाग और पुलिस हाई अलर्ट पर हैं और ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *