Dantewada News:बचेली में गेट निर्माण पर बवाल! NMDC अधिकारियों पर भड़के विधायक चैतराम अट्टामी, बोले- मेरी सहमति के बिना नहीं होगा कोई काम

Sanjay Sahu
Dantewada News

Dantewada News:दंतेवाड़ा। जिले के बचेली में एनएमडीसी द्वारा शहर के मुख्य मार्गों पर गेट निर्माण कराए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों के विरोध के बीच अब क्षेत्रीय भाजपा विधायक चैतराम अट्टामी भी सामने आ गए हैं। शिकायत मिलने पर एनएमडीसी बचेली कार्यालय पहुंचे विधायक ने अधिकारियों के सामने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना कोई भी निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।

मुख्य मार्गों पर गेट निर्माण से बढ़ी नाराजगी

दरअसल, एनएमडीसी द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बचेली शहर के मुख्य मार्गों पर गेट निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि गेट बनने से बाजार, स्कूल, अस्पताल और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले आम नागरिकों को परेशानी हो सकती है।

वहीं, स्थानीय लोगों ने आवाजाही के दौरान आधार कार्ड मांगे जाने को लेकर भी एनएमडीसी प्रबंधन पर परेशान करने का आरोप लगाया है।

निर्माण से पहले नगर पालिका की NOC और जनता की सहमति जरूरी

मामले की शिकायत मिलने के बाद विधायक चैतराम अट्टामी एनएमडीसी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने एनएमडीसी प्रबंधन और कलेक्टर से बातचीत कर निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की।

विधायक ने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले नगर पालिका से एनओसी लेना और स्थानीय जनता की सहमति प्राप्त करना जरूरी है। यदि सुरक्षा के लिहाज से गेट निर्माण आवश्यक है, तो इस संबंध में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका और स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर सहमति बनाई जानी चाहिए।

आंदोलन रोकने के उद्देश्य से निर्माण पर उठाए सवाल

Dantewada News:विधायक चैतराम अट्टामी ने गेट निर्माण के उद्देश्य पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि इसका मकसद धरना-प्रदर्शन और आंदोलनों को रोकना है, तो यह उचित नहीं है। लोकतंत्र में आम नागरिकों को अपनी मांगों और अधिकारों के लिए आंदोलन करने का संवैधानिक अधिकार है। फिलहाल विधायक ने एनएमडीसी प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। मामले को लेकर क्षेत्र में विवाद जारी है।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *