Tribute to Rajnandgaon Martyrs: मानपुर-मदनवाड़ा मुठभेड़ की बरसी पर शहीदों को नमन; वीरांगना रंजना चौबे बोलीं- “आने वाली पीढ़ी याद रखे कुर्बानी”

VIKASH KHALKHO

Tribute to Rajnandgaon Martyrs: राजनांदगांव। अविभाजित राजनांदगांव जिले के मानपुर क्षेत्र में हुए भीषण नक्सली हमले की बरसी पर आज राजनांदगांव स्थित पुलिस लाइन परिसर में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। 12 जुलाई 2009 को मानपुर के कोरकोट्टी, सीता गांव और मदनवाड़ा के जंगलों में नक्सलियों से लोहा लेते हुए जिले के तत्काली पुलिस अधीक्षक (SP) अमर शहीद विनोद कुमार चौबे समेत 29 पुलिस जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। वीर जवानों की इस ऐतिहासिक शहादत को नमन करने के लिए प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने एक साथ उपस्थित होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

तैल चित्र पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

कार्यक्रम के दौरान कोरकोट्टी और मदनवाड़ा मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद एसपी विनोद कुमार चौबे एवं अन्य 29 जांबाज जवानों के तैल चित्रों पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और शहीद परिवारों ने पुष्पांजलि अर्पित की। गारद द्वारा वीरों को सम्मान दिया गया तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

“आने वाली पीढ़ी याद रखे कुर्बानी”: रंजना चौबे

श्रद्धांजलि सभा में विशेष रूप से मौजूद शहीद एसपी विनोद चौबे की पत्नी रंजना चौबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह दिन परिवार के लिए अत्यधिक भावुक करने वाला होने के साथ-साथ अत्यंत गर्व का भी है। उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों ने राज्य की रक्षा के लिए जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, आने वाली पीढ़ियां उस कुर्बानी को हमेशा याद रखें। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में अब नक्सलवाद समाप्ति की ओर है और भयमुक्त वातावरण बनने से प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

“गृहमंत्री व मुख्यमंत्री के संकल्प से नक्सलमुक्त हुआ प्रदेश”: सांसद संतोष पांडे

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडे ने कहा कि वर्ष 2009 के दौर से लेकर आज तक बस्तर और राजनांदगांव क्षेत्र में भारी बदलाव आया है। प्रदेश में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मजबूत संकल्प और सुरक्षा बलों के पराक्रम के कारण ही आज प्रदेश नक्सलमुक्त होने की दिशा में निर्णायक मोड़ पर खड़ा है।

कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन और शहर के गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

इस गरिमामय श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल सहित बड़ी संख्या में पुलिस विभाग के अधिकारी, जवान, शहीदों के परिजन और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *