Saturday, August 15, 2026
Home National New Delhi : VIP जोन में भी बेखौफ लुटेरे, सांसद की चेन...

New Delhi : VIP जोन में भी बेखौफ लुटेरे, सांसद की चेन लूटकर फरार, दिल्ली में कानून व्यवस्था पर सवाल…

0
128
New Delhi
New Delhi

New Delhi : नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले चाणक्यपुरी इलाके में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना घटित हुई, जब तमिलनाडु की मयिलादुथुराई लोकसभा सीट से सांसद आर. सुधा रामकृष्णन की सोने की चेन बाइक सवार बदमाशों ने लूट ली। सांसद आर. सुधा तमिलनाडु भवन में निवास करती हैं और रोज की तरह आज सुबह सैर पर निकली थीं, तभी पोलैंड दूतावास के पास यह वारदात हो गई। घटना के दौरान बदमाशों ने उन्हें धक्का दिया, जिससे उन्हें हल्की चोटें भी आईं।

New Delhi : घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हाई-सिक्योरिटी जोन में इस तरह की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आर. सुधा ने इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है और अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सौरभ भारद्वाज का तीखा प्रहार

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपने एक्स (Twitter) हैंडल पर लिखा— “दिल्ली में अब चेन और मोबाइल स्नैचिंग इतनी आम बात हो गई है कि लोग FIR कराने की जहमत भी नहीं उठाते। क्योंकि उन्हें पता है, यह सिर्फ समय की बर्बादी है।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा नहीं, बल्कि VIP सिक्योरिटी और राजनीतिक एजेंडा बन चुकी है। “दिल्ली पुलिस में हजारों पद खाली हैं, लेकिन केंद्र सरकार भर्ती में रुचि नहीं ले रही है। जो अधिकारी हैं, वे नेताओं को फंसाने या VIP सुरक्षा में तैनात हैं। पुलिस का राजनीतिकरण हो चुका है।”

सौरभ भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली की महिलाएं अब सुबह वॉक पर चेन पहनकर नहीं जातीं, क्योंकि वे मान चुकी हैं कि उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी अब खुद उनके ऊपर है। उन्होंने कहा कि चूंकि आर. सुधा तमिलनाडु की सांसद हैं, इसलिए उन्हें दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था की असलियत का अंदाजा नहीं था।

सवालों के घेरे में दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था

चाणक्यपुरी जैसे उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में एक महिला सांसद के साथ दिन दहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना ने दिल्ली पुलिस की गश्त और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली पुलिस का दावा है कि वे जांच में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तेजी से कार्रवाई कर रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने न केवल दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, बल्कि राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here