भोपाल : मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश के करीब आधे हिस्से में शुक्रवार सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने शनिवार से अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में कोहरा और बारिश दोनों का असर देखने को मिलेगा।
सुबह कोहरे की चादर में लिपटा प्रदेश
मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, चंबल, सागर, शहडोल और रीवा संभाग के कई जिलों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। कुछ इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण 31 जनवरी से 2 फरवरी तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से तापमान में भी गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड एक बार फिर तेज हो सकती है।
Read More : कर्नाटक सरकार का ख़ास आदेश! महीने के पहले शनिवार अफसर-कर्मचारी पहनें खादी
31 जनवरी: इन जिलों में बारिश का अलर्ट
31 जनवरी को ग्वालियर, विदिशा, छतरपुर, टीकमगढ़, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, निवाड़ी, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, गुना और सागर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
1 फरवरी: मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से भीगेंगे
1 फरवरी को भोपाल, ग्वालियर, विदिशा, सतना, सागर, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, रीवा, शाजापुर, शिवपुरी, आगर मालवा, मंदसौर, मुरैना, भिंड, छतरपुर, पन्ना और नीमच समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं।
2 फरवरी: सबसे व्यापक बारिश का अनुमान
2 फरवरी को बारिश का दायरा और बढ़ेगा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, सतना, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, धार, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, दमोह, कटनी और उमरिया सहित 40 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
किसानों और यात्रियों के लिए सतर्कता जरूरी
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए किसानों को फसलों की सुरक्षा और आम लोगों को कोहरे व बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।











