Sunday, September 27, 2026
Home Madhya Pradesh Bhopal M.P Weather News : मध्य प्रदेश में मौसम का यू-टर्न, मावठे से...

M.P Weather News : मध्य प्रदेश में मौसम का यू-टर्न, मावठे से बढ़ेगी ठंड, 40 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई जिलों में अलर्ट जारी

भोपाल : मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के उत्तरी हिस्से के 15 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान श्योपुर और मुरैना में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आंधी की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अनुमान है कि आने वाले चार दिनों तक मावठे की गतिविधियां प्रदेश में बनी रहेंगी।

माघी पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की आस्था की डुबकी

माघी पूर्णिमा के अवसर पर कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु बड़ी संख्या में नर्मदापुरम, बांद्राभान, जबलपुर, नरसिंहपुर, ओंकारेश्वर और महेश्वर में नर्मदा नदी तथा उज्जैन में शिप्रा नदी में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।

Read More : Gold Price Crash : बजट के दिन सोने के दाम क्रैश, भाव सुनकर दिल हो जाएगा खुश! जानें आपके शहर में भाव

इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

रविवार को जिन जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें शामिल हैं—
ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा और राजगढ़।

वहीं भोपाल, इंदौर, सागर, विदिशा, उज्जैन और रतलाम में बादल छाए रहने की संभावना है।

कई जिलों में कोहरा और बारिश के आसार

इससे पहले छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में सुबह के समय मध्यम कोहरा देखा गया, जबकि भोपाल और इंदौर में भी कोहरे का असर रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक—

  • 2 फरवरी को ग्वालियर, भोपाल समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

  • 3 फरवरी को कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।

  • 4 फरवरी को पूर्वी हिस्से में बारिश के साथ कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है।

पहाड़ी राज्यों की बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम हवाओं के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत में सक्रिय सिस्टम का असर मध्य प्रदेश में भी दिखेगा, जिससे 10 फरवरी तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में हो रही भारी बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में लौटने पर प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी, साथ ही दिन-रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

शनिवार को ग्वालियर, रीवा और दतिया में घना कोहरा रहा, जबकि 20 से अधिक जिलों में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो खजुराहो सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here