MP TOP 5 BREAKING :
1. स्कूलों में अब बनेंगे बच्चों के आधार कार्ड
भोपाल। मध्यप्रदेश में अब बच्चों के आधार कार्ड स्कूलों में ही बनाए जाएंगे। राज्य शिक्षा केंद्र और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) मिलकर इस अभियान को चलाएंगे। दो चरणों में होने वाले इस अभियान का पहला चरण 18 अगस्त से 40 जिलों में शुरू होगा। दूसरे चरण की शुरुआत सितंबर के पहले सप्ताह में होगी। इस पहल को “विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार” नाम दिया गया है।
2. राजधानी भोपाल में फैक्ट्री से क्लोरीन गैस रिसाव
भोपाल। राजधानी में क्लोरीन गैस रिसाव का मामला सामने आया है। जांच में फैक्ट्री संचालक की लापरवाही उजागर हुई है। कलेक्टर द्वारा बनाई गई जांच कमेटी ने पाया कि क्लोरीन की बोरियां खुले में रखी थीं, जिन पर पानी पड़ने से गैस निकली। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन अब फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है।
3. कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की सूची के बाद बढ़ी नाराजगी
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद असंतोष सामने आ रहा है। देवास ग्रामीण से दावेदारी कर रहे गौतम बंटू गुर्जर ने इस्तीफा देकर प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “हरीश चौधरी कांग्रेस विसर्जन अभियान चला रहे हैं, जैसे पंजाब में किया था।” इस्तीफे से कांग्रेस संगठन में अंदरूनी कलह फिर से खुलकर सामने आई है।
4. सीएम मोहन यादव का दिल्ली दौरा
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। सुबह 11:45 बजे वे रतलाम के कुंडाल गांव में स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे, जहां कई लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे में वे केंद्रीय नेतृत्व से भी मुलाकात कर सकते हैं।
5. मध्यप्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल। प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 14 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन और जबलपुर संभाग में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की सक्रियता बनी रहेगी। खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, देवास, हरदा और बैतूल सहित कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।











