छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा के सिंगोड़ी चौकी क्षेत्र में शनिवार की देर शाम एक युवक के साथ चोरी के शक में जमकर मारपीट की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड के पास लोग किसी मढ़ई और अहीरी नृत्य के आयोजन में जुटे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि किसी ने उसके जेब में हाथ डाला।
शक के आधार पर भीड़ ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे बिजली के खंभे से बांधकर पिटाई शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन गुस्साई भीड़ ने पिटाई जारी रखी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी या पीड़ित की पहचान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना स्थानीय लोगों के बीच चिंता का विषय बनी हुई है।











