भोपाल: राजधानी भोपाल में खुद का घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड (MP Housing Board) शहर के अलग-अलग इलाकों में 9 नए हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है। इन परियोजनाओं के तहत 750 से अधिक आवासीय यूनिट विकसित की जाएंगी, जिनमें डुप्लेक्स, ट्रिप्लेक्स, फ्लैट और प्लॉट शामिल होंगे।
राजधानी के इन इलाकों में शुरू होंगे प्रोजेक्ट
हाउसिंग बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार, अयोध्या नगर क्षेत्र के दामखेड़ा और नरेला शंकरी में बड़े स्तर पर नई योजनाएं प्रस्तावित हैं। दामखेड़ा में करीब 140 एकड़ और नरेला शंकरी में लगभग 128 एकड़ भूमि पर हाउसिंग प्रोजेक्ट विकसित किए जाएंगे। इन सभी योजनाओं के लिए आर्किटेक्ट की नियुक्ति कर दी गई है। जैसे ही TNCP से मंजूरी मिलेगी, टेंडर जारी कर दिए जाएंगे और इसके बाद बुकिंग की प्रक्रिया शुरू होगी।
अयोध्या एक्सटेंशन में बन रहे 63 नए डुप्लेक्स
एमपी हाउसिंग बोर्ड अयोध्या एक्सटेंशन के सुरम्य परिसर फेज-3 में 63 HIG डुप्लेक्स का निर्माण कर रहा है। इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 48 डुप्लेक्स तैयार हो चुके हैं। वहीं, दूसरे चरण में 250 फ्लैट्स का निर्माण कार्य जारी है, जिनकी बुकिंग भी चल रही है। तीसरे चरण की अनुमानित लागत करीब 56 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अवधपुरी और खजूरीकलां में 160 नए फ्लैट
हाउसिंग बोर्ड के 9 प्रोजेक्ट्स में से अवधपुरी और खजूरीकलां फेज-3 में 160 नए फ्लैट्स बनाए जाएंगे। पहले चरण में यहां 145 प्लॉट्स की बिक्री हो चुकी है, जबकि दूसरे चरण में 147 डुप्लेक्स और ट्रिप्लेक्स लगभग बनकर तैयार हैं। इस फेज पर बोर्ड करीब 67 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
अयोध्या नगर में हाईटेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
अयोध्या नगर में ही करीब 17 एकड़ भूमि पर हाउसिंग बोर्ड द्वारा हाईटेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा सुरम्य परिसर, लवकुश हाईट्स और खजूरीकलां फेज-2 में निर्माण और बुकिंग का काम लगातार जारी है।
ऑनलाइन होगी बुकिंग
हाउसिंग बोर्ड के अनुसार, सभी प्रोजेक्ट्स की बुकिंग MP Housing Board की आधिकारिक वेबसाइट और MP Online पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इन नई योजनाओं से भोपाल में घर खरीदने वालों को बेहतर विकल्प और राहत मिलने की उम्मीद है।











