भोपाल: मध्य प्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षाएं शिक्षण सत्र 2025-26 के तहत 20 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। इन परीक्षाओं में शासकीय, अशासकीय और मदरसा स्कूलों के विद्यार्थी शामिल होंगे। इस संबंध में राज्य शिक्षा केंद्र ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
प्रदेशभर में 12,920 परीक्षा केंद्र तैयार
राज्य स्तर पर परीक्षा आयोजन के लिए 12 हजार 920 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 25 लाख विद्यार्थियों के शामिल होने का अनुमान है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शासकीय, निजी विद्यालयों और मदरसों के लगभग 24 लाख 90 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
Read More : भोपाल : साइबर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई! निवेश के नाम पर 9.35 लाख की ठगी, 12 आरोपी पकड़ाए
इनमें 522 निजी विद्यालयों के 20 हजार 736 विद्यार्थियों के लिए एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार भाषा विषय के अलग प्रश्नपत्र तैयार किए गए हैं।
डिजिटल पोर्टल से पूरी परीक्षा प्रक्रिया
परीक्षा प्रबंधन को आधुनिक बनाने के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल से संचालित की जा रही है। इसी पोर्टल के माध्यम से
-
विद्यार्थियों का सत्यापन
-
परीक्षा केंद्र निर्धारण
-
केंद्राध्यक्षों की मैपिंग
-
सामग्री वितरण
-
रोल नंबर और प्रवेश पत्र जारी करना
-
उपस्थिति दर्ज करना
-
मूल्यांकन और अंकसूची जारी करना
जैसी सभी व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी।
हजारों स्कूलों के विद्यार्थी होंगे शामिल
इस परीक्षा में 86,109 शासकीय स्कूल, 23,980 निजी स्कूल और 525 मदरसों के विद्यार्थी भाग लेंगे। शिक्षा विभाग का कहना है कि डिजिटल मॉनिटरिंग और स्पष्ट दिशा-निर्देशों से परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित होगी।













