Robbery at gunpoint : रीवा : शहर में बुधवार की देर रात हथियारबंद बाइक सवार बदमाशों ने पुलिसिंग को ठेंगा दिखाते हुए दो अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर लूट की बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। विश्वविद्यालय और समान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इन पेट्रोल पंपों पर बदमाशों ने गन पॉइंट पर कर्मचारियों को बंधक बनाया और महज आधे घंटे के भीतर करीब 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
Robbery at gunpoint : जानकारी के अनुसार, लूट का सिलसिला रात करीब 11:30 बजे रिंग रोड स्थित गर्ग पेट्रोल पंप से शुरू हुआ। पैशन बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक पंप पर पहुंचे और ₹30 का पेट्रोल डलवाया। जैसे ही कर्मचारी ₹50 का नोट काटकर ₹20 वापस करने लगा, बाइक सवार युवक ने उस पर कट्टा तान दिया। बदमाशों ने कर्मचारी से लगभग 45,000 रुपये नकद छीने और मौके से भाग निकले।
Robbery at gunpoint : इस वारदात के ठीक आधे घंटे बाद, रात लगभग 12:00 बजे इन्हीं बदमाशों ने बाईपास स्थित जिओ पेट्रोल पंप को अपना निशाना बनाया। यहाँ भी आरोपियों ने उसी पैटर्न को दोहराया; पहले ₹30 का पेट्रोल डलवाया और फिर कर्मचारी को गन पॉइंट पर लेकर उसकी जेब में रखे ₹5,000 लूट लिए।
Robbery at gunpoint : घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। फुटेज से साफ जाहिर होता है कि दोनों वारदातों को एक ही बाइक पर सवार उन्हीं दो लड़कों ने अंजाम दिया है। हैरानी की बात यह है कि विश्वविद्यालय पुलिस ने जिओ पेट्रोल पंप की घटना पर एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन समान थाना क्षेत्र के गर्ग पेट्रोल पंप वाली घटना में अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। चर्चा है कि पुलिस अपनी किरकिरी बचाने के लिए पहले आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है ताकि गिरफ्तारी के साथ ही मामला दर्ज कर ‘पीठ थपथपाई’ जा सके।
Robbery at gunpoint : शहर के व्यस्ततम रिंग रोड और बाईपास पर महज 30 मिनट के अंतराल में हुई इन दो बड़ी वारदातों ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। पंप संचालकों और कर्मचारियों में इस घटना के बाद से भारी दहशत का माहौल है।











