शादी के तीसरे दिन विवाहिता ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में परिवार को बताया निर्दोष

Parivesh
शादी के तीसरे दिन विवाहिता ने की खुदकुशी

बिलासपुर: ज़िले के कोटा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। शादी के महज तीन दिन बाद एक नवविवाहिता ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान ग्राम अमाली निवासी 23 वर्षीय लक्ष्मी भैना के रूप में हुई है, जिसकी शादी 15 अप्रैल को जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कोसा निवासी युवक से हुई थी।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी की शादी की रस्में 15 अप्रैल को पूरी हुईं और 16 अप्रैल को सुबह विदाई कर उसे ससुराल भेजा गया। उस समय उसकी बुआ और मामी भी उसके साथ गई थीं, ताकि वह नए घर में सहज महसूस कर सके। लेकिन उसी शाम लक्ष्मी के मायके वाले उसे वापस लाने के लिए कोसा गाँव पहुँचे।

17 अप्रैल की सुबह सब कुछ सामान्य लग रहा था। लक्ष्मी रोज़ की तरह उठी और घर के पीछे बने शौचालय की ओर गई। लेकिन काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब वे उसे देखने पहुंचे तो टॉयलेट के अंदर का नज़ारा देखकर उनके होश उड़ गए। लक्ष्मी की लाश अंदर फांसी के फंदे पर झूल रही थी।

घटना के बाद परिजनों ने तत्काल फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और आनन-फानन में उसे कोटा स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इस नोट में लक्ष्मी ने लिखा कि वह यह कदम अपनी इच्छा से उठा रही है और इसमें उसके परिवार का कोई दोष नहीं है। उसने विशेष रूप से अनुरोध किया कि उसके परिवार के किसी भी सदस्य को इस दुखद घटना के लिए दोषी न ठहराया जाए।

कोटा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी नुपूर उपाध्याय ने जानकारी देते हुए कहा कि इस संवेदनशील मामले में सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सुसाइड नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह लक्ष्मी द्वारा ही लिखा गया है या नहीं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *