Mahasamund News: आरक्षक की संदिग्ध मौत, चबूतरे पर मिला शव; CCTV फुटेज में बाइक से जाता दिखा

Sanjay Sahu
Mahasamund News

Mahasamund News: महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा में पुलिस आरक्षक कृष्णा पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह नगरपालिका द्वारा निर्मित पौनी पसारी चबूतरे के पास उनका शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल आरक्षक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पौनी पसारी चबूतरे के पास मिला शव

जानकारी के मुताबिक, बागबाहरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने पौनी पसारी चबूतरे के पास आरक्षक कृष्णा पटेल का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

CCTV फुटेज में बाइक से जाते दिखे आरक्षक

मामले की जांच के दौरान पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फुटेज में आरक्षक कृष्णा पटेल शाम के समय बाइक से जाते हुए दिखाई दिए हैं।

अब पुलिस फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आरक्षक वहां कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

Mahasamund News: आत्महत्या या कोई दूसरी वजह? जांच जारी

Mahasamund News: आरक्षक कृष्णा पटेल महासमुंद के कोतवाली थाने में पदस्थ थे। उनकी संदिग्ध मौत से पुलिस विभाग में भी मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उनकी मौत आत्महत्या के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *