Maharashtra Municipal Election 2026 : मोहम्मद याकुब – नागपुर/धरसींवा। महाराष्ट्र में होने जा रहे महानगरपालिका चुनाव 2026 के रण में छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की गूंज सुनाई दे रही है। भारतीय जनता पार्टी के ‘स्टार प्रचारक’ और धरसींवा (छत्तीसगढ़) के विधायक, पद्मश्री अनुज शर्मा ने नागपुर में अपनी चुनावी सभाओं के जरिए महायुति (भाजपा-शिवसेना-राकांपा) के पक्ष में माहौल गरमा दिया है।
शुक्रवार को नागपुर में एक ही दिन में 05 विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए अनुज शर्मा ने विरोधियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने प्रवासी छत्तीसगढ़िया मतदाताओं को साधते हुए कहा, “जिस तरह हमने छत्तीसगढ़ में कमल खिलाकर विकास की नई इबारत लिखी, ठीक उसी तरह महाराष्ट्र के शहरों को विश्वस्तरीय बनाने के लिए महायुति को चुनना जरूरी है।”
छत्तीसगढ़ी गीतों और ‘जस गीत’ से जीता दिल
सभा का सबसे भावुक क्षण तब आया जब अनुज शर्मा ने अपने चिर-परिचित अंदाज में छत्तीसगढ़ की आराध्य देवी की महिमा में ‘जस गीत’ गुनगुनाया। नागपुर में लाखों की संख्या में बसे छत्तीसगढ़ी प्रवासियों के लिए यह पल गौरवपूर्ण था और पूरी जनता उनके गीतों पर झूम उठी। उन्होंने प्रवासियों से अपील की कि वे अपनी संस्कृति और सही नेतृत्व का साथ कभी न छोड़ें।
मुख्य चुनावी बिंदु
-
डबल इंजन की सरकार: अनुज शर्मा ने कहा कि मोदी की गारंटी और महायुति का साथ महाराष्ट्र के विकास के लिए ‘डबल इंजन’ की तरह काम करेगा।
-
प्रवासी मतदाताओं पर नजर: नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ी और हिंदी भाषी मतदाताओं की निर्णायक संख्या को देखते हुए भाजपा ने अनुज शर्मा को ‘ट्रम्प कार्ड’ के रूप में उतारा है।
-
स्थानीय नेतृत्व का साथ: सभा के दौरान पूर्व नागपुर विधायक कृष्णा भाई खोपड़े और महायुति के स्थानीय प्रत्याशी भी मंच पर मौजूद रहे।
अनुज शर्मा की इन सभाओं ने न केवल स्थानीय कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है, बल्कि प्रवासी वोटों के समीकरण को भी भाजपा के पक्ष में मजबूती से मोड़ दिया है।











