Thursday, August 20, 2026
Home Madhya Pradesh Rewa Building Collapse Death: रीवा में बारिश का कहर: कृषि विभाग की...

Rewa Building Collapse Death: रीवा में बारिश का कहर: कृषि विभाग की जर्जर इमारत का छज्जा गिरा, मलबे में दबकर फूल व्यापारी की मौत

रीवा [Nishanebaaz News]। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में तेज बारिश के बीच नगर निगम और संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शहर के व्यस्तम फूल मार्केट क्षेत्र में स्थित कृषि विभाग की एक बेहद पुरानी और जर्जर इमारत का छज्जा अचानक ढह गया। इस हादसे में बारिश से बचने के लिए टीन शेड के नीचे खड़े एक फूल व्यापारी की मलबे में दबने से मौत हो गई।

बारिश थमने का इंतजार कर रहा था व्यापारी, अचानक आ गिरा मलबा मिली जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार देर रात की है। शहर में तेज बारिश हो रही थी, उसी दौरान 38 वर्षीय फूल व्यापारी राकेश उपाध्याय बारिश से बचने के लिए दुकान के बाहर बने टीन शेड के नीचे बैठ गए ताकि बारिश बंद होने पर घर जा सकें।

तभी अचानक ऊपर स्थित कृषि विभाग की जर्जर बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा और भारी पत्थर टीन शेड के ऊपर आ गिरे। मलबे के भारी दबाव से पूरा टीन शेड धराशाई हो गया और राकेश उपाध्याय उसके नीचे दब गए।

जेसीबी से निकाला गया बाहर, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने सिविल लाइन थाना पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, स्थानीय पार्षद और नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर कड़ी मशक्कत के बाद व्यापारी को बाहर निकाला। जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी सांसें चल रही थीं, लेकिन संजय गांधी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रशासन और नगर निगम की लापरवाही पर जनाक्रोश स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस भवन का छज्जा गिरा, उसमें पूर्व में कृषि विभाग का कार्यालय संचालित होता था। यह इमारत लंबे समय से खाली और बेहद जर्जर अवस्था में थी, जिससे आए दिन पत्थर गिरते रहते थे। निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम ने जर्जर घोषित इस भवन को ध्वस्त करने का कोई कदम नहीं उठाया, जिसके चलते आज एक निर्दोष व्यापारी को अपनी जान गंवानी पड़ी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here