जबलपुर [Nishanebaaz News]Jabalpur Station Fire Incident। जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर-6 के पास बॉम्बे होटल की ओर बने वीआईपी गेट के नजदीक खड़े रेलवे के जीएम केआरए (GM KRA) कोच में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते कोच के भीतर से धुआं और तेज लपटें निकलने लगीं, जो ऊपर से गुजर रही ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन तक पहुंच गईं। इस घटना से पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की तीव्रता काफी अधिक थी, जिससे रेलवे स्टेशन पर विद्युत संचालन से जुड़ी ओएचई लाइन को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। खतरे को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के इलाके को खाली कराया और यात्रियों व कर्मचारियों को सुरक्षित दूरी पर भेजा। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पानी की बौछारें कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल और रेल कर्मियों की समय पर की गई कार्रवाई से आग को स्टेशन की अन्य परिसंपत्तियों और बोगियों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, मुख्य रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और व्यस्त स्थान पर विभागीय कोच में आग लगने से स्टेशन की सुरक्षा और मेंटेनेंस मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं, जिसमें कोच की तकनीकी स्थिति और आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा।

