Indore Fraud Case: मर्सिडीज कार दिलाने के नाम पर 16.70 लाख की ठगी, दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज

Anuj Nirala

[nishaanebaz.com] Indore Fraud Case: इंदौर। शहर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में लग्जरी कार खरीदने और बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मर्सिडीज बेंज कार दिलाने का झांसा देकर उससे अलग-अलग समय पर कुल 16.70 लाख रुपये लिए गए। रकम लेने के बाद कार वापस नहीं करने और पैसे मांगने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित की शिकायत और प्राथमिक जांच के बाद भंवरकुआं थाना पुलिस ने प्रियंका मित्तल और विनायक मित्तल के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इकरारनामा कर पहले लिए 6 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार, फरियादी गोपाल बैरागी ने शिकायत में बताया कि आरोपियों से मर्सिडीज बेंज कार HR-26-CR-8310 को लेकर सौदा हुआ था। कार दिलाने के नाम पर आरोपियों ने पहले उससे 6 लाख रुपये लिए और इसके लिए इकरारनामा भी किया गया।शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग वजह बताकर उससे और रकम ली। इस तरह कथित तौर पर कुल 16.70 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए।

Indore News: इंदौर में यात्रियों की जान से खिलवाड़! 13 गुना ज्यादा नशे में 30 यात्रियों से भरी वॉल्वो बस चला रहा था ड्राइवर

सर्विसिंग के नाम पर कार ले गए, फिर नहीं लौटाई

शिकायत के मुताबिक, रकम लेने के बाद आरोपियों ने मर्सिडीज कार को सर्विसिंग कराने के लिए गैराज भेजने की बात कही। आरोप है कि कार अपने पास लेने के बाद उसे वापस नहीं किया गया।पीड़ित ने जब कार और अपनी रकम वापस मांगी तो विवाद बढ़ गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि रकम लौटाने और कार वापस करने के बजाय उसे धमकियां दी गईं।

स्विफ्ट डिजायर के मामले में भी रकम लेने का आरोप

शिकायत में एक अन्य कार को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं। फरियादी का दावा है कि स्विफ्ट डिजायर कार के मामले में भी आरोपियों ने उससे करीब 2.50 लाख रुपये लिए थे।पीड़ित के मुताबिक, जब उसने दोनों मामलों में अपनी गाड़ियों और रकम के संबंध में आरोपियों से संपर्क किया तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी का आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उसने अपनी रकम और वाहन वापस मांगे तो आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी।मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपों की प्रारंभिक जांच की और शिकायत में लगाए गए तथ्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

Khandwa News: मंगला एक्सप्रेस में खाना खाने से 30 स्कूली बच्चे बीमार, रेलवे ने तुरंत संभाला मोर्चा

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

भंवरकुआं थाना पुलिस ने प्रियंका मित्तल और विनायक मित्तल के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, इकरारनामा, वाहनों से संबंधित कागजात और रकम के भुगतान की जानकारी जुटा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *