Datia Dilapidated Wall Collapse: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- मध्य प्रदेश के दतिया शहर के होलीपुरा मोहल्ले में एक बड़ा हादसा महज कुछ सेकंड के अंतर से टल गया। गली से गुजर रहे एक युवक की जान उस वक्त बाल-बाल बच गई, जब उसके वहां से आगे निकलते ही एक जर्जर दीवार अचानक भरभराकर सड़क पर गिर गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि युवक सामान्य तरीके से गली से होकर गुजर रहा था। जैसे ही वह जर्जर दीवार के पास से कुछ कदम आगे बढ़ता है, पीछे मौजूद पुरानी दीवार अचानक ढह जाती है। दीवार गिरने और युवक के वहां से निकलने के बीच महज एक-दो सेकंड का अंतर दिखाई देता है। अगर युवक थोड़ी देर और वहीं रुक जाता, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
कुछ सेकंड की देरी पड़ सकती थी भारी
घटना के वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया है। जिस जगह युवक खड़ा था, ठीक उसके पीछे दीवार भरभराकर नीचे आ गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो सकता था। हालांकि, किस्मत ने उसका साथ दिया और वह सुरक्षित आगे निकल गया।हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना को बेहद खतरनाक बताया। गनीमत रही कि दीवार गिरने के समय वहां कोई अन्य व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया और हादसे में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
Read More: Indore News: इंदौर में यात्रियों की जान से खिलवाड़! 13 गुना ज्यादा नशे में 30 यात्रियों से भरी वॉल्वो बस चला रहा था ड्राइवर
कैमरे में कैद हुआ पूरा हादसा
जर्जर दीवार गिरने की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक के वहां से निकलने के तुरंत बाद दीवार अचानक ढह जाती है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।इस घटना ने एक बार फिर पुराने और जर्जर निर्माणों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के कई इलाकों में लंबे समय से कमजोर दीवारें और पुराने भवन लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। ऐसे स्थानों की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जरूरत है।
‘जाको राखे साइयां…’ कहावत हुई चरितार्थ
दतिया की इस घटना को देखकर लोगों को मशहूर कहावत ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’ याद आ रही है। युवक अगर केवल एक-दो सेकंड और उसी स्थान पर रुक जाता, तो जर्जर दीवार सीधे उसके ऊपर गिर सकती थी। लेकिन वह समय रहते आगे निकल गया और एक बड़ा हादसा टल गया।फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सीसीटीवी फुटेज के सामने आने के बाद यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।





