Lawrence Bishnoi Gang Indore : इंदौर। इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र के मशहूर बिल्डर संजय जैन को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इंदौर क्राइम ब्रांच की एक विशेष टीम ने अशोकनगर (गुना) की जेल में बंद कुख्यात शूटर मनीष जांगिड़ को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज शाम तक इंदौर लाया जा रहा है, जिससे पूछताछ में मालवा क्षेत्र में लॉरेंस गैंग के सक्रिय नेटवर्क को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद है।
जेल के भीतर से बुना गया था साजिश का जाल
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि बिल्डर संजय जैन को धमकी देने के पीछे जिस शूटर का इस्तेमाल किया गया था, वह ‘हायर किलर’ (किराए का शूटर) था और सीधे मनीष जांगिड़ के संपर्क में था। मनीष पहले से ही एक अन्य आपराधिक मामले में गुना जेल में बंद था।
बिल्डर संजय जैन था अगला बड़ा ‘टास्क’
इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने बताया कि जब मनीष जांगिड़ को अशोकनगर में एक अन्य धमकी के मामले में पकड़ा गया था, तब उसने स्वीकार किया था कि लॉरेंस गैंग ने उसे इंदौर में एक ‘बड़ा टास्क’ सौंपा है। पुलिस की जांच के अनुसार, मनीष का अगला मुख्य टारगेट बिल्डर संजय जैन ही थे। इस खुलासे के बाद से ही इंदौर पुलिस हाई अलर्ट पर थी और लगातार आरोपी की कस्टडी लेने की कोशिश कर रही थी।
मालवा क्षेत्र में लॉरेंस गैंग के नेटवर्क की होगी जांच
मनीष जांगिड़ को इंदौर लाकर यह पता लगाया जाएगा कि इस साजिश में स्थानीय स्तर पर और कौन-कौन से अपराधी शामिल हैं। पुलिस को संदेह है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क मालवा और निमाड़ क्षेत्र के कई अन्य बिल्डरों को भी निशाना बना रहा है। इस गिरफ्तारी से शहर के अन्य बिल्डरों को मिली धमकियों के अनसुलझे मामलों में भी महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने कहा कि मनीष जांगिड़ से पूछताछ के बाद इस गिरोह के मददगारों और हथियारों की सप्लाई करने वालों की भी पहचान की जाएगी। फिलहाल, पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।











